बहुजन नायक कांशीराम साहब के परिनिर्वाण दिवस पर सिधौली में कार्यक्रम आयोजन हुआ
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा, “बहुजन मिशन को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि”
सिधौली (सीतापुर)।
152 विधानसभा सिधौली में बहुजन नायक, बहुजन विचारक एवं बहुजन संगठक समाचार पत्र के संपादक मान्यवर कांशीराम साहब के परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब ने अपना संपूर्ण जीवन बहुजन समाज के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने समाज को संगठित कर यह विश्वास जगाया कि बहुजन समाज अपनी एकता और जागरूकता के बल पर देश की राजनीति और नीतियों में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि कांशीराम साहब ने बहुजन समाज के अधिकारों की लड़ाई को संवैधानिक ढांचे में रहकर लड़ा। उन्होंने समाज को यह संदेश दिया कि जब तक बहुजन समाज शिक्षा, संगठन और संघर्ष की राह पर नहीं चलेगा, तब तक उसके अधिकार सुरक्षित नहीं होंगे। उनका नारा “जितनी आबादी, उतना हक़” आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उनके जीवनकाल में था।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने आगे कहा कि किसान कांग्रेस का उद्देश्य भी यही है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचे। किसान, मजदूर, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग को संगठित कर हम समाज के हर तबके को मजबूत बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांशीराम साहब की विरासत केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का प्रतीक है। हमें मिलकर उनके अधूरे मिशन को पूरा करना है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता, किसान नेता, सामाजिक संगठन और युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मान्यवर कांशीराम साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि बहुजन समाज का उत्थान तभी संभव है जब हम बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम साहब के सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारें। संविधान के रास्ते पर चलकर ही हम अपने समाज को सम्मान, समानता और न्याय दिला सकते हैं।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: