Kolkata Kinght Riders vs Rajasthan Royals IPL 2022 Live: इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के 47वें लीग मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना राजस्थान रायल्स के साथ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर हो रहा है। केकेआर के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस मैच में टास जीता और पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। खबर लिखे जाने तक राजस्थान की टीम ने पहली पारी में 18 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 122 रन बना लिए हैं। टीम के कप्तान संजू सैमसन ने 38 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और खेल रहे हैं।
राजस्थान की पारी, संजू सैमसन का अर्धशतक
राजस्थान का पहला विकेट जल्दी ही गिर गया और ओपनर बल्लेबाज देवदत्त पडीक्कल दो रन बनाकर उमेश यादव की गेंद पर कैच आउट हुए। जोस बटलर ने 22 रन बनाए और टिम साउथी की गेंद पर अपना कैच शिवम मावी को थमा बैठे। राजस्थान का तीसरा विकेट पर करुण नायर के तौर पर गिरा जिन्हें 13 रन पर अनुकूल राय ने आउट कर दिया। रियान पराग ने 16 रन के स्कोर पर टिम साउथी ने कैच आउट करवा दिया। कप्तान संजू सैमसन ने 49 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली और शिवम मावी की गेंद पर कैच आउट हो गए।
राजस्थान रायल्स की प्लेइंग इलेवन
जोस बटलर, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (कप्तान व विकेटकीपर), करुण नायर, शिमरोन हेटमायर, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप सेन।
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन
आरोन फिंच, सुनील नरेन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), बाबा इंद्रजीत (विकेटकीपर), नितीश राणा, अनुकूल राय, आंद्रे रसेल, रिंकू सिंह, उमेश यादव, टिम साउथी, शिवम मावी।
केकेआर ने दो जबकि राजस्थान ने किया एक बदलाव
केकेआर ने इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए जिसमें अनुकूल राय और शिवम मावी को टीम में जगह दी गई। वहीं राजस्थान ने अपनी प्लेइंग इलेवन से डेरिल मिचेल को बाहर किया और उनकी जगह टीम में करुण नायर को जगह दी गई।
केकेआर को पिछले पांच मैचों में लगातार हार मिली है और ऐसे में श्रेयस अय्यर अपनी हार के क्रम को तोड़ने की कोशिश करेंगे, लेकिन संजू सैमसन की राजस्थान बेहद मजबूत है ऐसे में केकेआर के लिए ये आसान नहीं होगा। राजस्थान की टीम ने अब तक 9 में से 6 मैच जीते हैं और 12 अंक के साथ अंक तालिका में तीसरे नंबर पर है तो वहीं केकेआर ने 9 में से सिर्फ 3 मैच जीते हैं और 6 अंक के साथ आठवें नंबर पर है।राजस्थान बटलर पर बहुत अधिक निर्भर है और उनके 70.75 औसत से बनाए गए 566 रन के कारण टीम शीर्ष चार में बनी हुई है। इंग्लैंड के इस बल्लेबाज से हर मैच में बड़ी पारी की उम्मीद नहीं की जा सकती है और इसलिए कप्तान संजू सैमसन को अपने प्रदर्शन में निरंतरता दिखानी होगी। गेंदबाजी राजस्थान का मजबूत पक्ष है, लेकिन पिछले मैच में ओस ने काफी प्रभाव डाला, जिससे वे मुंबई इंडियंस को 159 रन का स्कोर हासिल करने से नहीं रोक पाए थे। दूसरी पारी में गेंदबाजी आती है तो टीम के सामने एक बार फिर बड़ी चुनौती होगी। युजवेंद्रा सिंह चहल ने इस सत्र में अभी तक 13.68 की औसत से 19 विकेट लिए हैं और वह गेंदबाजों की सूची में सबसे आगे हैं। उन्होंने केकेआर के खिलाफ ही इस सत्र में हैट्रिक ली थी। उनके अलावा राजस्थान के पास रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे गेंदबाज हैं।वेंकटेश अय्यर की खराब फार्म के कारण केकेआर को शीर्षक्रम में लगातार बदलाव करने पड़े, लेकिन उसका कोई भी प्रयोग सही साबित नहीं हुआ। वेंकटेश का प्रदर्शन पिछले सत्र में शानदार रहा था, जिसके दम पर उन्होंने भारतीय टीम में भी जगह बनाई थी। लेकिन, इस सत्र में वह रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। केकेआर ने शीर्षक्रम में उनकी नाकामी के बाद उन्हें मध्यक्रम में आजमाया, लेकिन इससे भी कोई फायदा नहीं हुआ। बायें हाथ के इस बल्लेबाज को पिछले मैच में फिर से आरोन फिंच के साथ पारी की शुरुआत करने भेजा गया, लेकिन वह फिर से असफल रहे। लगातार पांच हार से केकेआर के लिए प्लेआफ की राह मुश्किल हो गई है। उसे अब एक अदद अंतिम एकादश तय करने और टूर्नामेंट में आगे उसमें बहुत अधिक बदलाव नहीं करने की जरूरत है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: