राकेश पांडे गोरखपुर। गोरखपुर बन रहा है पर्यटन का नया केंद्र, देश-विदेश के पर्यटकों को लुभा रहे दर्शनीय स्थल
गोरखपुर। पूर्वांचल का प्रमुख शहर गोरखपुर आज धार्मिक, ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से अपनी अलग पहचान बना रहा है। आधुनिक सुविधाओं के विकास, बेहतर सड़क और रेल संपर्क तथा पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण के कारण हर वर्ष यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
गोरखपुर का सबसे प्रमुख आकर्षण श्री गोरखनाथ मंदिर है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा गीता प्रेस, गीता वाटिका, रामगढ़ ताल, रेल संग्रहालय (रेल म्यूजियम), वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला (तारामंडल), इमामबाड़ा, विष्णु मंदिर (असुरन), आरोग्य मंदिर, कुसम्ही विनोद वन, नीर निकुंज वाटर पार्क, विंध्यवासिनी पार्क, प्रेमचंद पार्क, पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क, इंदिरा बाल विहार, चौरीचौरा शहीद स्मारक, पुरातात्विक (बौद्ध) संग्रहालय तथा शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान (गोरखपुर चिड़ियाघर) पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।
रामगढ़ ताल में नौकायन, संगीतमय फाउंटेन और मनोरम वातावरण पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करता है, वहीं गीता प्रेस अपनी धार्मिक पुस्तकों और भव्य चित्रों के कारण विश्वभर में प्रसिद्ध है। गोरखनाथ मंदिर की आध्यात्मिक आभा और मकर संक्रांति पर लगने वाला खिचड़ी मेला भी लाखों श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींचता है।
पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता, सूचना केंद्र, पार्किंग और अन्य सुविधाओं का और विस्तार किया जाए तो गोरखपुर उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन शहरों में और अधिक मजबूती से अपनी पहचान बना सकता है। धार्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम गोरखपुर को पर्यटन के मानचित्र पर तेजी से उभरता हुआ शहर बना रहा है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: