उर्फी रिज़वी गाजीपुर से
विवाह समारोह में पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर सपा ने जताई नाराजगी, एसपी से मिलकर कार्रवाई की उठाई मांग
गाजीपुर। दिलदारनगर थाना क्षेत्र के मिर्चा गांव में विवाह समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों के कथित अभद्र व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक गाजीपुर से मिला और ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बताया जाता है कि बीते 13 नवंबर को समाजवादी पार्टी के सेक्टर प्रभारी एवं मिर्चा गांव के ग्राम प्रधान सरताज खान की बहन के विवाह समारोह के दौरान दिलदारनगर थाने के दो पुलिसकर्मी प्रधान के घर पहुंचे थे। आरोप है कि प्रतिबंधित गोमांस रखने के मामले को लेकर पुलिसकर्मियों ने परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया। विवाह जैसे पारिवारिक एवं मांगलिक अवसर पर इस तरह के व्यवहार को लेकर समाजवादी पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है।
पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा करना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। विवाह जैसे पारिवारिक और खुशी के अवसर पर किसी के घर पहुंचकर अभद्र व्यवहार किया जाना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, लेकिन कानून की रक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों से भी मर्यादित आचरण, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की अपेक्षा की जाती है।
प्रतिनिधिमंडल की बातों को सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष मदन, जमानिया विधानसभा अध्यक्ष अनिल यादव, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष तौकीर खान, जिला उपाध्यक्ष आमिर अली, पूर्व जिलाध्यक्ष नन्हकू, प्रधान हाजी गयासु, प्रधान तौसीफ खान, प्रधान असलम, अरशद, प्रधान बबलू यादव, जावेद, काशी यादव, दिलशाद और सद्दाम सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जाए और जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में किसी भी नागरिक के सम्मान और अधिकारों का उल्लंघन न हो।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: