मल्हनी के गौरव को विधायक लकी यादव का सम्मान, वैज्ञानिक डॉ. लालजी सिंह के नाम से बनेगा स्मृति द्वार


मल्हनी के गौरव को विधायक लकी यादव का सम्मान, वैज्ञानिक डॉ. लालजी सिंह के नाम से बनेगा स्मृति द्वार

सिकरारा–बरईपार मार्ग पर विकास निधि से कराया गया स्मृति द्वार का निर्माण, छह वर्ष पुरानी घोषणा पर विधायक ने उठाए सवाल

जौनपुर। जनपद की धरती पर जन्म लेकर देश और दुनिया में अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले महान वैज्ञानिक एवं डीएनए फिंगरप्रिंटिंग के जनक डॉ. लालजी सिंह को सम्मान देने की दिशा में मल्हनी विधानसभा के समाजवादी पार्टी विधायक श्री लकी यादव ने सराहनीय पहल की है। विधायक की विकास निधि से सिकरारा–बरईपार मार्ग पर महान वैज्ञानिक डॉ. लालजी सिंह के नाम से स्मृति द्वार का निर्माण कराया गया है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. लालजी सिंह ने विज्ञान के क्षेत्र में अपनी असाधारण उपलब्धियों से न केवल जौनपुर, बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया था। ऐसे महान व्यक्तित्व की स्मृतियों को संजोने और आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से विधायक लकी यादव ने यह पहल की है।

गौरतलब है कि वर्ष 2020 के उपचुनाव के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी वैज्ञानिक डॉ. लालजी सिंह के नाम पर मार्ग का नामकरण किए जाने की घोषणा की थी। लेकिन लगभग छह वर्ष बीत जाने के बाद भी उक्त घोषणा धरातल पर साकार होती दिखाई नहीं दी।

इस संबंध में विधायक लकी यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोग घोषणाएं और जुमले करने में आगे हैं, लेकिन जब विकास कार्यों को जमीन पर उतारने की बात आती है तो विपक्ष के विधायकों के साथ भेदभाव किया जाता है। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के बावजूद कार्य नहीं हुआ, जबकि उन्होंने अपनी विकास निधि से इस महान वैज्ञानिक को सम्मान देने का प्रयास किया है।

विधायक ने कहा कि डॉ. लालजी सिंह जैसे महान वैज्ञानिक किसी एक क्षेत्र या दल की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव हैं। उनके योगदान को सम्मान देना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

मल्हनी की माटी के इस महान सपूत को सम्मान देने की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।