डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सौंपी आलेख्य मतदाता सूची की प्रतियां ई-डिस्ट्रिक्ट सभागार में बैठक कर पुनरीक्षण अभियान में सहयोग की अपील 16 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां, 4 जनवरी को होगा अंतिम सूची का प्रकाशन


डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सौंपी आलेख्य मतदाता सूची की प्रतियां

ई-डिस्ट्रिक्ट सभागार में बैठक कर पुनरीक्षण अभियान में सहयोग की अपील

16 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां, 4 जनवरी को होगा अंतिम सूची का प्रकाशन

गोरखपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जनपद की आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन होने के बाद मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने ई-डिस्ट्रिक्ट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आलेख्य मतदाता सूची की प्रतियां सौंपीं। साथ ही मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने प्रतिनिधियों को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। जनपद की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवंबर को किया गया है। अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, दर्ज विवरणों में संशोधन कराने और किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

डीएम ने बताया कि प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में जिले के कुल 32 लाख 95 हजार 303 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 17 लाख 93 हजार 315 पुरुष, 15 लाख एक हजार 804 महिला और 184 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची की तुलना में इस बार कुल मतदाताओं की संख्या में 34 हजार 165 की वृद्धि हुई है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सूची का बूथवार अवलोकन करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी पात्र नागरिक का नाम दर्ज होने से छूटने न पाए तथा किसी अपात्र प्रविष्टि को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई हो।

बैठक में बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की भूमिका पर भी जोर दिया गया। राजनीतिक दल अपने बीएलए को सक्रिय रखते हुए बूथवार मतदाता सूची की जांच कराएं। बीएलए नियमित रूप से यह देखें कि किस बूथ पर कितने नए नाम शामिल हुए हैं और कितने नाम हटाए गए हैं। किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने या किसी प्रविष्टि में त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा अथवा आपत्ति दर्ज कराने में सहयोग करें। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम के विरुद्ध आपत्ति या विलोपन के लिए फार्म-7 और पता बदलने, विवरण में संशोधन तथा अन्य निर्धारित बदलावों के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जाएगा। विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फार्म-6क निर्धारित है।

जिलाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में चार हजार बूथ लेवल अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त सभी 2,078 मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारियों की तैनाती की गई है। जनपद में कुल 2,078 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 4,000 मतदेय स्थल हैं। इनमें 291 शहरी और 1,787 ग्रामीण मतदान केंद्र शामिल हैं। शहरी क्षेत्र में 1,007 तथा ग्रामीण क्षेत्र में 2,993 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।

मतदाताओं की सुविधा के लिए 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ आलेख्य मतदाता सूची और पर्याप्त आवेदन प्रपत्रों के साथ मौजूद रहेंगे। नागरिक अपने और परिवार के सदस्यों के नाम की जांच कर सकेंगे तथा नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए आवेदन जमा कर सकेंगे। इसके अलावा 17 से 22 नवंबर तक बीएलओ अपने निर्धारित मतदान स्थलों पर मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे।

डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने स्तर से भी मतदाताओं को जागरूक करें और पात्र युवा एवं महिला मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास करें। मतदाता अपने नाम की जांच संबंधित बीएलओ, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से भी कर सकते हैं। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आलेख्य मतदाता सूची की प्रतियां सौंपते हुए पुनरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग की अपेक्षा की।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।