जौनपुर।* लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व डाला छठ पर रविवार को पूरा जनपद भक्तिमय वातावरण में


*छठी मइया के जयकारों से गूंजे गोमती के घाट, आस्था के सैलाब के बीच स्टीमर पर तैनात रहे गोताखोर और पीएसी जवान* 

*जौनपुर।* लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व डाला छठ पर रविवार को पूरा जनपद भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए गोमती नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से पूरा घाट क्षेत्र गुंजायमान रहा। व्रती महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अस्त होते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु एवं खुशहाली की कामना की।

              नगर के गोपी घाट, विसर्जन घाट, हनुमान घाट, बजरंग घाट और गुलर घाट, अचला घाट, छोटी काशी, नाव घाट सहित गोमती नदी के प्रमुख घाटों पर सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम होते-होते घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी व्रती महिलाएं सिर पर पूजन सामग्री से भरे दउरा और सूप लेकर परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचीं। घाटों पर बनाई गई वेदियों के सामने दीप जलाकर विधिवत पूजन किया गया। महिलाओं ने नदी के जल में खड़े होकर दूध और जल से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।

              जैसे-जैसे सूर्यदेव अस्ताचल की ओर बढ़े, वैसे-वैसे घाटों पर आस्था और भक्ति का नजारा और भी मनोरम होता गया। छठी मइया के पारंपरिक गीतों, शंखध्वनि और जयकारों के बीच पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में डूबा नजर आया। परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल होकर व्रती महिलाओं का उत्साह बढ़ाते रहे। घाटों पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।

*सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा सतर्क*

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर पालिका की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिसकर्मी विभिन्न घाटों पर मुस्तैद रहे और भीड़ को व्यवस्थित करने के साथ ही आवागमन पर नजर बनाए रखी।

                  गोमती नदी में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। नदी में स्टीमर के माध्यम से लगातार निगरानी की गई, जिस पर गोताखोरों के साथ पीएसी के जल पुलिस जवान तैनात रहे। सुरक्षा कर्मी नदी में चक्रमण करते हुए श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रखे रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके। आस्था, परंपरा और उल्लास के संगम के बीच भगवान सूर्य को सायंकालीन अर्घ्य अर्पित करने के साथ छठ महापर्व का तीसरा दिन श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। अब सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Bhanu Pratap Dixit

अब तक टीवी न्यूज़ चैनल

भानु प्रताप दीक्षित अबतक टीवी के ऑफिस में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे सीनियर को-एडिटर के पद पर अपनी जिम्मेदारियाँ निभा रहे हैं।

Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।