आईटीएम गीडा की छात्राओं ने बनाया प्रदूषण मुक्त इलेक्ट्रॉनिक पटाखा मॉडल
गीडा, गोरखपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आईटीएम), गीडा, गोरखपुर के डिप्लोमा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की छात्राएँ रुचि त्रिपाठी एवं शिवांशी मिश्रा ने दीपावली के अवसर पर बच्चों के लिए एक अनोखा प्रदूषण मुक्त इलेक्ट्रॉनिक पटाखा मॉडल तैयार किया है। छात्राओं का यह नवाचार पारंपरिक पटाखों के विकल्प के रूप में पर्यावरण अनुकूल मनोरंजन की दिशा में एक सराहनीय पहल है।छात्राओं द्वारा तैयार किए गए इस रिचार्जेबल इलेक्ट्रॉनिक पटाखा मॉडल को लगभग 30 मिनट चार्ज करने के बाद करीब 200 बार इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे पटाखों जैसी स्पार्क एवं आवाज उत्पन्न होती है, जिससे बच्चों को आतिशबाजी जैसा अनुभव मिलता है। मॉडल को तैयार करने में लगभग दो सप्ताह का समय लगा तथा इसकी लागत करीब 350 रुपये आई है। इसे बनाने में प्लास्टिक गन टॉय, 3.7 वोल्ट बैटरी, डीसी ट्रांसफार्मर, स्विच, स्पार्क किट सहित विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया है। इसे टाइप-C चार्जर की सहायता से चार्ज किया जा सकता है।छात्रा शिवांशी मिश्रा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को तैयार करने का मुख्य उद्देश्य दीपावली पर बच्चों को प्रदूषण मुक्त मनोरंजन का विकल्प उपलब्ध कराना है। इस मॉडल के माध्यम से पारंपरिक पटाखों से होने वाले धुएँ एवं वायु प्रदूषण को कम करने के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. एन. के. सिंह ने छात्राओं के नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी एवं प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान पारंपरिक पटाखों से बच्चों के हाथ, चेहरे एवं आंखों में चोट लगने तथा जलने की घटनाएँ सामने आती हैं। ऐसे में छात्राओं द्वारा तैयार किया गया यह मॉडल एक वैकल्पिक मनोरंजन साधन के रूप में सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के रचनात्मक विचारों एवं नवाचारों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा इस मॉडल को बाजार तक पहुँचाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
संस्थान के अध्यक्ष नीरज मातनहेलिया, सचिव श्याम बिहारी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निकुंज मातनहेलिया एवं संयुक्त सचिव अनुज अग्रवाल ने छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: