वर-वधू परिचय सम्मेलन में दो जोड़ों की हुई गोद भराई, नवनियुक्त पदाधिकारियों को दिलाई गई शपथ
जौनपुर। श्री कान्य कुब्ज अखिल भारतीय हलवाई मोदनवाल महासभा के तत्वावधान में नगर के पचहटियां स्थित एक मैरिज लॉन में जिला अधिवेशन एवं वर-वधू परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, संगठन की मजबूती और वैवाहिक संबंधों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। इस दौरान दिनेश मोदनवाल को सर्वसम्मति से निर्विरोध जौनपुर का नया जिलाध्यक्ष चुना गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष आलोक आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत राष्ट्रीय महामंत्री चिरौंजी लाल ने मोदनसेन भगवान की आरती की। प्रदेश अध्यक्ष आलोक आर्य ने नगर अध्यक्ष अमरनाथ मोदनवाल सहित नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में राष्ट्रीय महामंत्री चौधरी हरिशंकर लाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश मोदनवाल (शाहगंज), राष्ट्रीय युवा संयोजक अनिल मोदनवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हीरण बाबू, गुजरात प्रदेश अध्यक्ष राम प्रकाश सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री चौधरी हरिशंकर लाल ने अतिथियों को अंगवस्त्र, श्रीराम का फोटो फ्रेम एवं समाज का वार्षिक पंचांग भेंटकर सम्मानित किया।
अधिवेशन के दौरान जिलाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया, जिसमें दिनेश मोदनवाल के नाम पर सभी ने सहमति जताई। इसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से निर्विरोध नया जिलाध्यक्ष घोषित किया गया।
कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण वर-वधू परिचय सम्मेलन रहा। इसमें समाज के विभिन्न परिवारों ने अपने बेटे-बेटियों का परिचय कराया और आपसी सहमति से करीब 11 जोड़ों के विवाह संबंध तय हुए। वहीं मंच पर दो जोड़ों की गोद भराई की रस्म भी समाज के लोगों की मौजूदगी में संपन्न कराई गई। इस अवसर पर स्वजातीय बंधुओं ने दोनों कन्याओं को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की मंगलकामना की।
अंत में जिला महामंत्री ज्ञानचंद मोदनवाल ने अतिथियों एवं सम्मेलन में शामिल सभी स्वजातीय बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: