कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की मांग
रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील के विभिन्न न्यायालयों और राजस्व कार्यालयों की कार्यप्रणाली को लेकर तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायतें रखीं। एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यानंद पांडेय के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपकर शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर स्थित संबंधित न्यायालयों और कार्यालयों में कथित अनियमितताओं की जांच कराने तथा कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक सप्ताह पूर्व भी ज्ञापन सौंपा गया था। अधिवक्ताओं ने प्रशासन से शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। अधिवक्ताओं के अनुसार, न्यायालयों और राजस्व कार्यालयों में पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि वादकारियों को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े और उनके मामलों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण हो सके। बार एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने, तथ्यों की निष्पक्ष जांच कराने और जांच में सामने आने वाले निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस दौरान राजेश्वरी मिश्रा, आनंद शंकर मणि त्रिपाठी, विश्व विजय मल्ल, शशिभूषण, सत्य प्रकाश, रामेश्वर मणि और संतोष सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: