जंगला काटकर घर में घुसे चोर, लाखों के जेवर-नकदी पार

परिवार सोता रहा और तीन बक्से उठा ले गए बदमाश, रूपपुर रोड पर दो बक्से व खेत में तीसरा मिला; सीसीटीवी में बाइक सवार दो संदिग्ध कैद

छिबरामऊ/कन्नौज । सराय दौलत गांव में रविवार रात चोरों ने घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दी। परिवार के सदस्य घर के अंदर सोते रहे और बदमाश मेन गेट की कुंडी व जंगले की प्लाई काटकर अंदर दाखिल हो गए। चोर तीन बक्से उठाकर ले गए और उनमें रखे सोने-चांदी के जेवरात व करीब पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। सुबह सामान बिखरा मिलने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में हड़कंप मच गया।
सराय दौलत निवासी राजीव कुमार कुशवाह के घर को चोरों ने निशाना बनाया। परिजनों के मुताबिक बदमाश जंगला काटकर घर के अंदर घुसे और तीन बक्से उठा ले गए। इनमें कान के कुंडल, सोने की अंगूठी, चार जोड़ी चांदी की तोड़ियां, नाक का फूल, करीब पांच हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान रखा था। चोरों ने घर का सामान खंगालते हुए कपड़े और अन्य वस्तुएं भी अस्त-व्यस्त कर दीं। परिजनों ने चोरी गए सामान की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई है।
रास्ते में फेंक गए तीनों बक्से
चोरी के बाद बदमाश बक्सों को लेकर रूपपुर रोड की ओर निकले। बताया गया कि दो खाली बक्से रूपपुर रोड पर फेंके मिले, जबकि तीसरा बक्सा हिमालय कोल्ड के पीछे खेतों में पड़ा मिला। इससे आशंका है कि बदमाश जेवरात व नकदी निकालने के बाद बक्सों को रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।
सीसीटीवी में बाइक सवार दो संदिग्ध कैद
घटना के बाद पुलिस को एक अहम सुराग भी मिला है। सराय दौलत से रूपपुर रोड की ओर जाते समय सदरपुर में पूर्व प्रधान रामशंकर यादव के दरवाजे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं। हालांकि फुटेज में दोनों के चेहरे स्पष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते की जांच में जुटी है।
रात की गश्त पर उठे सवाल
घर के अंदर परिवार के सोने के दौरान जंगला काटकर चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रात में पुलिस की प्रभावी गश्त होती तो बदमाशों पर अंकुश लग सकता था। उन्होंने गांव और आसपास के इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।