*आगामी त्योहारों के दृष्टिगत क्षेत्राधिकारी शाहगंज प्रतिमा वर्मा की अध्यक्षता में व्यापारीगण के साथ गोष्ठी आयोजित, सुरक्षा व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा*
जौनपुर आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा बाजार क्षेत्रों में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना शाहगंज, जनपद जौनपुर पर *क्षेत्राधिकारी शाहगंज श्रीमती प्रतिमा वर्मा की अध्यक्षता में व्यापारीगण एवं व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई।* गोष्ठी के दौरान आगामी त्योहारों में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़, यातायात व्यवस्था, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की निगरानी सहित विभिन्न सुरक्षा बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा की गई क्षेत्राधिकारी शाहगंज द्वारा उपस्थित व्यापारीगण से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया तथा त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की गई। व्यापारियों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे *सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने* के सम्बन्ध में जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त सर्राफा व्यवसायियों एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के संचालकों को विशेष सतर्कता बरतने, प्रतिष्ठान खोलते एवं बंद करते समय सावधानी रखने तथा नगदी एवं बहुमूल्य वस्तुओं के आवागमन के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने हेतु निर्देशित किया गया। त्योहारों के दौरान बाजार क्षेत्रों में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने, अनावश्यक अतिक्रमण न करने, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने तथा मुख्य मार्गों एवं बाजारों में आवागमन बाधित न होने देने के सम्बन्ध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी शाहगंज द्वारा सम्बन्धित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रभावी पुलिस गश्त, पैदल गश्त एवं चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया।
गोष्ठी में उपस्थित व्यापारीगण से आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ आगामी त्योहारों को मनाने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील की गई। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी संदिग्ध अथवा भ्रामक सूचना की पुष्टि किए बिना उसे साझा न करने के सम्बन्ध में भी जागरूक किया गया।
*जौनपुर पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए लगातार बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण, चेकिंग एवं निगरानी की जा रही है।*
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: