*आगामी त्योहारों एवं नवरात्र के दृष्टिगत जिलाधिकारी जौनपुर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा शांति समिति की बैठक तथा दुर्गा पूजा महासमिति के संयोजकों के साथ गोष्ठी आयोजित*
जौनपुर आगामी त्योहारों एवं नवरात्र पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत *जिलाधिकारी जौनपुर समुअल पॉल एन.* एवं *वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह* द्वारा जनपद के शांति समिति के सदस्यों तथा दुर्गा पूजा महासमिति के संयोजकों/पदाधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गयी।
बैठक के दौरान आगामी नवरात्र, दुर्गा पूजा एवं अन्य त्योहारों के अवसर पर जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन आदि महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा की गयी।
जिलाधिकारी जौनपुर द्वारा उपस्थित आयोजकों एवं समिति के पदाधिकारियों से कहा गया कि त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं परम्परागत तरीके से मनाया जाए। पूजा पंडालों एवं आयोजन स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सम्बन्धित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह द्वारा दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं आयोजकों से संवाद स्थापित करते हुए निर्देशित किया गया कि सभी कार्यक्रम निर्धारित स्थान एवं परम्परागत मार्ग के अनुसार ही आयोजित किये जाएं। जुलूस एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित रूट एवं समय का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा आयोजकगण पुलिस एवं प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए तथा प्रवेश एवं निकास मार्ग स्पष्ट एवं सुगम रखे जाएं। महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही पंडालों में विद्युत तारों, जनरेटर, अग्निशमन उपकरण एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त कर लिया जाए।
बैठक में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्टों से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गयी। अधिकारियों द्वारा स्पष्ट किया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी तथा पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाये जाने के सम्बन्ध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों एवं दुर्गा पूजा महासमिति के संयोजकों से उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली गयी तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा जनपदवासियों से अपील की गयी कि आगामी त्योहारों एवं नवरात्र पर्व को शांति, सौहार्द, भाईचारे एवं आपसी सहयोग की भावना के साथ मनाएं तथा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।
इस अवसर पर *अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अनन्त चन्द्रशेखर, क्षेत्राधिकारी सदर श्री सम्यक चौधरी* सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण, शांति समिति के सदस्य एवं दुर्गा पूजा महासमिति के संयोजक/पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: