लालगंज से आने वाले विनय कुमार पर ‘हिना’ नाम से किन्नर बनकर बधाई के नाम पर धन उगाही का आरोप, विरोध पर जान से मारने की धमकी


 अबतक न्याय

ऊंचाहार (रायबरेली)। ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में बधाई मांगने को लेकर किन्नर समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। स्थानीय किन्नर गुरु आरके ने ऊंचाहार कोतवाली में तहरीर देकर लालगंज निवासी विनय कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरके गुरु का आरोप है कि विनय कुमार पुरुष होने के बावजूद ‘हिना’ नाम से किन्नर का रूप धारण कर ऊंचाहार क्षेत्र में अपने कुछ साथियों के साथ बधाई के नाम पर कथित रूप से धन उगाही कर रहा है। आरके गुरु के मुताबिक, ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में उनकी किन्नर टीम लंबे समय से बधाई मांगने का काम करती है। आरोप है कि पिछले कुछ समय से लालगंज की ओर से आने वाला विनय कुमार अपने साथ कुछ दबंग किस्म के लोगों को लेकर क्षेत्र में पहुंचता है और ‘हिना’ नाम से किन्नर बनकर लोगों से बधाई के नाम पर रुपये मांगता है। आरके गुरु ने इसे लेकर विरोध जताया तो कथित रूप से विवाद और धमकी की स्थिति पैदा होने लगी।
तहरीर में आरके गुरु ने आरोप लगाया कि रविवार को उनकी टीम क्षेत्र में बधाई मांगने गई थी। इसी दौरान तीन-चार वाहनों से 15 से 20 अज्ञात लोग  वहां पहुंच गए और उनकी टीम के साथ विवाद करने लगे। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज की गई तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरके गुरु का कहना है कि मौके पर हालात बिगड़ते देख उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद मामला शांत हुआ। शिकायतकर्ता ने पुलिस को मौके पर आए वाहनों के नंबर भी उपलब्ध कराने की बात कही है, ताकि संबंधित लोगों की पहचान की जा सके। आरके गुरु ने पुलिस से मांग की है कि ‘हिना’ नाम से किन्नर बनकर क्षेत्र में कथित धन उगाही करने और विवाद उत्पन्न करने के मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए, साथ ही उनकी टीम की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।