- अनंत चतुर्दशी के अवसर पर देशभर में गणेश विसर्जन का पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा था. इसी दौरान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित रामगंगा नदी के तट से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां गणपति विसर्जन के दौरान एक भक्त अचानक रामगंगा नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. भक्त को पानी में छटपटाते देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
-
- सौभाग्य से प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और घाट पर गोताखोर तथा सुरक्षा गार्ड पहले से मुस्तैद थे. रेस्क्यू उपकरण और लाइफ जैकेट के साथ तैनात गोताखोर नंदकिशोर ने बिना समय गंवाए पानी में छलांग लगा दी. भारी मशक्कत और सूझबूझ के साथ नंदकिशोर ने डूब रहे युवक को पकड़कर सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया. इस कार्रवाई के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई.
- लोगों ने की गोताखोर की बहादुरी की सराहना
- मौके पर मौजूद लोगों ने गोताखोर की बहादुरी और नगर निगम की व्यवस्था की सराहना करते हुए तालियां बजाईं. इस पूरे लाइव रेस्क्यू का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना के बाद गोताखोर नंदकिशोर ने बताया कि नदी में पानी काफी गहरा था और मना करने के बावजूद युवक आगे बढ़ गया था.
-
- गोताखोर नंदकिशोर ने सभी श्रद्धालुओं से की है ये अपील
- गोताखोर नंदकिशोर ने कहा कि सुरक्षा टीम हर समय मुस्तैद रहती है. जिसके कारण युवक की जान बचाई जा सकी है. नंदकिशोर ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे विसर्जन के दौरान गहरे पानी में जाने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं. श्रद्धालुओं प्रतिमाओं को किनारे पर तैनात गोताखोरों को सौंप दें. ताकि विसर्जन की प्रक्रिया सुरक्षित रूप से संपन्न की जा सके.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: