राहुल गांधी ने 2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी पर वोट चोरी का आरोप लगाया और साथ ही विधानसभा चुनाओं में भी धांधली का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि बीजेपी के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी क्यों नहीं होती?


  • विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर (SIR) को लेकर चुनाव आयोग के विवाद के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार और देश में चुनावों के संचालन पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने बीजेपी की तीखी आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पुराना वीडियो चलाया, जिसमें वो 2024 के लोकसभा चुनावों के प्रचार के दौरान ‘अबकी बार, 400 पार’ के नारे लगा रहे थे. राहुल ने कहा कि सत्ता विरोधी लहर के बावजूद पीएम मोदी के आत्मविश्वास ने यह दिखाया कि उनके साथ एंटी इनकंबेंसी नहीं होती.
  •  
  • राहुल गांधी ने कहा, ‘भारत में एंटी-इनकंबेंसी (सत्ता-विरोधी लहर) नाम की एक बुनियादी ताकत होती है, जो किसी भी सरकार के खिलाफ काम करने लगती है. यह किसी को नहीं छोड़ती. इंदिरा गांधी जी ने बांग्लादेश युद्ध जीता था और वो बेहद लोकप्रिय थीं, फिर भी एक-दो साल के भीतर ही उनके खिलाफ जबरदस्त एंटी-इनकंबेंसी पैदा हो गई थी. ऐसा हर पार्टी के साथ होता है, चाहे वह क्षेत्रीय हो या राष्ट्रीय, लेकिन किसी तरह नरेंद्र मोदी, अमित शाह और बीजेपी के साथ ऐसा कभी नहीं होता. हम किसी व्यक्ति की लोकप्रियता और सरकार के कामकाज को तो समझ सकते हैं, लेकिन यह समझ नहीं पाते कि एंटी-इनकंबेंसी कैसे गायब हो जाती है’.
  • लोकसभा-विधानसभा चुनाव में धांधली का आरोप
  • प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग वोट का संस्थागत संरक्षक है. वोट की रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है और सब कुछ वहीं से शुरू होता है. अगर वोट ही खत्म हो जाए, तो संविधान काम नहीं करता, कानून गैर-कानूनी हो जाते हैं और संस्थाओं का कोई मतलब नहीं रह जाता.
  •  
  • उन्होंने कहा, ‘मैं हवा-हवाई बातें नहीं कर रहा हूं. मैंने इसे सबूत के साथ दिखाया है. मैं आपको बता दूं कि यह 100 प्रतिशत पक्का करने के लिए- 99 प्रतिशत नहीं, बल्कि 100 प्रतिशत पक्का करने के लिए काफी जानकारी मौजूद है कि भारत के चुनाव, लोकसभा चुनाव, 2024 के चुनाव और विधानसभा चुनाव, सभी में धांधली हो रही है’.
  • ‘देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर किया गया हमला’
  • राहुल ने आगे कहा, ‘जो व्यक्ति भारत के वोट को बर्बाद कर रहा है, वह देशद्रोही है. यह भारतीय राज्य और लोगों के खिलाफ एक एक्ट है, हम चुप नहीं बैठेंगे. सच तो यह है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला किया है और उसे नष्ट कर दिया है’.
  • राहुल गांधी ने 2024 लोकसभा चुनाव को फेक बताते हुए कहा कि देश एक नए मुकाम पर पहुंच गया है. हमारे इतिहास में लोकतंत्र पर इस तरह का हमला पहले कभी नहीं हुआ. 2024 का चुनाव फेक था और विधानसभा चुनाव भी फेक थे. देश कभी इस स्थिति में नहीं पहुंचा. जो भी कानून पास किए गए हैं, वो गैर-कानूनी हैं और जो लोग हमारे संस्थानों को चला रहे हैं, वो भी गैर-कानूनी हैं.

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।