2027 की तैयारियों को लेकर डीएम ने ईवीएम वेयर हाउस का किया निरीक्षण
विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियां तेज, डीएम ने ईवीएम वेयर हाउस का किया निरीक्षण
सीतापुर , 15 सितम्बर 2026 (सू0वि0)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन संबंधी तैयारियों को लगातार गति दी जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने मंगलवार को ईवीएम एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) की तैयारियों का जायजा लेने के लिए ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आगामी 17 सितम्बर 2026 से प्रारम्भ होने वाली एम-3 मॉडल ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी के संबंध में की गई तैयारियों को देखा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एफएलसी का कार्य 17 सितम्बर 2026 से प्रातः 09:00 बजे से सायं 07:00 बजे तक कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफएलसी से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने एफएलसी प्रक्रिया के दौरान निर्धारित मानकों एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराने को कहा। साथ ही वेयर हाउस में सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों तथा अन्य व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में ईवीएम एवं वीवीपैट की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए इनके परीक्षण एवं सत्यापन से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। एफएलसी का कार्य पूरी सावधानी और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कराया जाए, जिससे आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के लिए मशीनों की तैयारियों को समय से पूरा किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक खालिद अंजुम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को एफएलसी से जुड़ी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: