- विधानसभा चुनाव में एक-एक सीट जीतने के लिए राजनीतिक दलों को बड़े पैमाने पर पैसा खर्च करना पड़ता है. प्रचार, विज्ञापन, रैलियां, स्टार प्रचारकों की यात्राएं, पार्टी संगठन और उम्मीदवारों को दी जाने वाली रकम जैसे कई मदों में खर्च होती है. चुनाव आयोग के सामने जमा किए गए चुनावी खर्च के आंकड़ों से यह पता चलता है कि अलग-अलग राज्यों में BJP का चुनावी खर्च कितना रहा. हमने उत्तर प्रदेश (2022), महाराष्ट्र (2024), दिल्ली (2025), बिहार (2025), असम (2026), तमिलनाडु (2026) और पुडुचेरी (2026) के विधानसभा चुनावों में BJP के घोषित खर्च और उसकी लड़ी गई सीटों की तुलना की.
- यूपी में 376 सीटों पर उतरी BJP, ₹221 करोड़ से ज्यादा खर्च किए
- 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में BJP ने 403 में से 376 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. पार्टी ने इलेक्शन कैंपेन में ₹221 करोड़ से ज्यादा खर्च किए. यानी BJP द्वारा लड़ी गई हर सीट पर औसतन करीब ₹59 लाख का खर्च बैठता है. यूपी देश का सबसे बड़ा विधानसभा चुनाव था और यहां सीटों की संख्या भी बाकी राज्यों की तुलना में काफी ज्यादा थी. BJP ने इस चुनाव में 255 सीटें जीती थीं, जबकि उसके सहयोगी अपना दल (S) और निषाद पार्टी ने भी कई सीटों पर चुनाव लड़ा था.
-
- महाराष्ट्र में 149 सीटें, खर्च करीब ₹147 करोड़
- 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में BJP ने 288 में से 149 सीटों पर चुनाव लड़ा और 132 सीटें जीतीं. पार्टी के चुनावी खर्च को करीब ₹147 करोड़ माना जाए तो एक सीट पर औसतन लगभग ₹99 लाख खर्च हुए. यानी महाराष्ट्र में BJP का प्रति-सीट खर्च यूपी के मुकाबले करीब 1.7 गुना बैठता है. यहां BJP महायुति गठबंधन का सबसे बड़ा हिस्सा थी. उसने 149 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, जबकि बाकी सीटें गठबंधन के दूसरे दलों के लिए छोड़ी गई थीं.
- दिल्ली में 68 सीटों पर BJP, औसतन ₹85 लाख खर्च
- 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में कुल 70 सीटें थीं, लेकिन BJP ने 68 सीटों पर उम्मीदवार उतारे. दो सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ दी. BJP ने चुनाव में ₹57.65 करोड़ खर्च किए. इस हिसाब से प्रति सीट औसत खर्च करीब ₹84.8 लाख यानी लगभग ₹85 लाख रहा. इस खर्च में उम्मीदवारों पर किया गया खर्च भी शामिल था. रिपोर्ट के मुताबिक, BJP ने 68 उम्मीदवारों पर करीब ₹18.5 करोड़ खर्च किए थे. नतीजा ये रहा कि BJP ने 48 सीटें जीतकर दिल्ली में 27 साल बाद सरकार बनाई.
- बिहार में सबसे ज्यादा: एक सीट पर करीब ₹1.45 करोड़
- 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में BJP ने NDA के सीट-बंटवारे के तहत 243 में से 101 सीटों पर चुनाव लड़ा. पार्टी ने चुनाव में ₹146.71 करोड़ खर्च किए. इस हिसाब से एक सीट पर औसतन करीब ₹1.45 करोड़ खर्च हुए. यह आंकड़ा इसलिए भी अहम है क्योंकि बिहार में BJP ने अकेले सभी 243 सीटों पर चुनाव नहीं लड़ा था. गठबंधन में सीटें दूसरे सहयोगी दलों के बीच भी बांटी गई थीं.
- असम में भी एक सीट की लागत ₹1 करोड़ से ज्यादा
- 2026 के असम विधानसभा चुनाव में BJP ने 89 सीटों पर चुनाव लड़ा. चुनाव के बाद सामने आए पार्टी के खर्च के आंकड़ों के मुताबिक असम में BJP और उसकी संबंधित इकाइयों का खर्च करीब ₹96.3 करोड़ रहा. इस हिसाब से एक सीट पर औसतन करीब ₹1.08 करोड़ खर्च हुए.
- तमिलनाडु में एक सीट के लिए 1.91 करोड़ खर्च किए
- इसी तरह 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कुल 234 सीटें थीं. पार्टी ने 27 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन सिर्फ 1 सीट जीती. BJP ने तमिलनाडु में ₹51.56 करोड़ खर्च किए. पुडुचेरी में पार्टी ने 20 में से 10 सीटों पर चुनाव लड़ा और 4 सीटों पर जीत हासिल की. यहां BJP का खर्च ₹11.90 करोड़ था. तमिलनाडु ने हर एक विधायकी की सीट के लिए ₹1.91 करोड़ खर्च किए. वहीं पुडुचेरी में ₹1.19 करोड़ प्रति सीट खर्च किए.

- तो सबसे महंगा चुनाव कहां?
- अगर सिर्फ इन 7 राज्यों की बात करें तो इनमें तमिलनाडु सबसे ऊपर है, जहां एक सीट पर करीब ₹1.91 करोड़ का औसत खर्च आया. इसके अलावा बिहार में करीब ₹1.45 करोड़, असम में ₹1.08 करोड़, महाराष्ट्र में ₹99 लाख, दिल्ली में ₹85 लाख और उत्तर प्रदेश में ₹59 लाख आता है. ऊपर दिए गए आंकड़ों का मतलब यह नहीं है कि BJP ने हर सीट पर इतनी ही रकम खर्च की. यह सिर्फ औसत है. किसी सीट पर खर्च बहुत कम या बहुत ज्यादा हो सकता है.
- इसके अलावा पार्टी का सामान्य प्रचार, केंद्रीय नेतृत्व की रैलियां, मीडिया विज्ञापन और स्टार प्रचारकों का खर्च कई सीटों को एक साथ प्रभावित करता है. इसलिए इन आंकड़ों से यह समझ आता है कि एक विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ने की BJP की औसत लागत अलग-अलग राज्यों में करीब ₹59 लाख से ₹1.91 करोड़ तक रही.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: