दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने की दुखद घटना के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) सरदार तरनजीत सिंह संधू ने राजधानी दिल्ली के PG हब में सुरक्षा और नियमन को लेकर व्यापक समीक्षा के निर्देश दिए हैं. LG ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि PG के तौर पर इस्तेमाल हो रही इमारतों का एक सप्ताह के भीतर स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाए. खास तौर पर उन भवनों का निरीक्षण किया जाएगा, जहां प्रथम दृष्टया ऊंचाई और फ्लोर संबंधी नियमों का उल्लंघन सामने आया है.
सरदार तरनजीत सिंह संधू ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शहरी विकास मंत्री आशीष सूद के साथ बैठक में सत्य निकेतन हादसे के बाद उठाए गए कदमों की समीक्षा की. बैठक में मुख्य सचिव, NDRF प्रमुख, MCD आयुक्त, पुलिस कमिश्नर, दिल्ली यूनिवर्सिटी के कुलपति, DDA के कुलपति समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
बिना सोचे-समझे सीलिंग से बचने के निर्देश
LG ने कहा कि बिना सोचे-समझे बड़े पैमाने पर सीलिंग अभियान चलाने से छात्रों के सामने बेघर होने का संकट पैदा हो सकता है. इसलिए उन PG परिसरों में निरीक्षण अभियान चलाया जाए, जहां ऊंचाई और फ्लोर प्रतिबंधों के उल्लंघन की प्रथम दृष्टया आशंका है.
PG नियमों की समीक्षा के लिए समिति
दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद की अध्यक्षता में एक समिति गठित कर इंस्टीट्यूशनल PG गाइडलाइंस की समीक्षा की जाएगी. समिति विश्वविद्यालयों, MCD और DDA के माध्यम से छात्रों के लिए वैकल्पिक आवास की संभावनाएं तलाशेगी. साथ ही DDA और MCD की खाली और अप्रयुक्त इमारतों तथा DDA के हाउसिंग स्टॉक को छात्र आवास के रूप में इस्तेमाल करने की व्यवहार्यता का भी आकलन किया जाएगा.
अवैध निर्माण पर MCD की सख्ती
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शहरी विकास मंत्री ने बैठक में भवनों की सुरक्षा ऑडिट को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया. इसके साथ ही MCD को जारी अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और ऐसे निर्माण को रोकने के निर्देश दिए गए हैं.
PG में रहने वाले छात्रों का बनेगा व्यापक डेटाबेस
DM, DCP और MCD के DC की समिति PG में रहने वाले छात्रों से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुनेगी. बैठक में सभी PG छात्रों का व्यापक डेटाबेस तैयार करने पर भी सहमति बनी.
छात्र आवास की कमी दूर करने की तैयारी
LG ने राजधानी दिल्ली में छात्रों के लिए आवास की मांग और उपलब्धता के बीच बड़े अंतर को देखते हुए शहरी विकास मंत्री की समिति को मध्यम और दीर्घकालिक योजना तैयार करने को कहा है, ताकि जल्द से जल्द हॉस्टल और छात्र आवास की क्षमता बढ़ाई जा सके.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: