जौनपुर।* युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के


*72 घंटे में मिला 3 लाख का लोन, सफल उद्यमी ने साझा की सफलता की कहानी*

*जौनपुर।* युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में 300 से अधिक युवा लाभार्थियों के साथ विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

       कार्यशाला का आयोजन समाधान समिति एवं जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) के संयुक्त तत्वावधान में दो चरणों में किया गया। पहले चरण में लाभार्थियों को योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, ऋण आवेदन प्रक्रिया और व्यवसाय प्रबंधन की जानकारी दी गई। कॉरपोरेट ट्रेनर एवं मुख्य वक्ता डॉ. अमित सिन्हा ने युवाओं को उद्यम स्थापित करने और उसे सफलतापूर्वक संचालित करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

दूसरे चरण में बैंकर्स के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित हुआ। पूर्व बैंकर एवं एक्सपर्ट मुकेश वार्ष्णेय ने पीपीटी के माध्यम से ऋण आवेदनों के त्वरित निस्तारण, पोर्टल की तकनीकी प्रक्रिया और ऋण स्वीकृति में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की जानकारी दी। साथ ही जिला उद्योग केंद्र, समाधान समिति और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।

              डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज आशुतोष सहाय पाठक ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य लाभार्थियों और वित्तीय संस्थानों के बीच समन्वय मजबूत करना है, ताकि पात्र युवाओं को समयबद्ध और सुगम तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने और जिले के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यशाला में कोऑर्डिनेटर धीरेन्द्र सिंह चौहान ने भी लाभार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान युवाओं ने योजना से जुड़े सवाल और जिज्ञासाएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों और अधिकारियों ने समाधान किया।

            कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत महज 72 घंटे में तीन लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर स्वदेशी पेपर प्लेट निर्माण उद्योग शुरू करने वाले प्रदीप कुमार प्रजापति, निवासी भरोठा खलीलपुर, ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने सरकार, जिला उद्योग केंद्र और बैंक के प्रति आभार जताया।

              समापन पर लाभार्थियों ने बैंक प्रतिनिधियों, अधिकारियों और विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर असिस्टेंट कमिश्नर जय प्रकाश, अग्रणी जिला प्रबंधक कुमार हर्षमान, अपर सांख्यिकीय अधिकारी विनायक शंकर तिवारी, सहायक प्रबंधक रामनवल चौहान, रणजीत कुमार वर्मा सहित जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी, समाधान समिति के सदस्य, प्रशिक्षण विशेषज्ञ और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Bhanu Pratap Dixit

अब तक टीवी न्यूज़ चैनल

भानु प्रताप दीक्षित अबतक टीवी के ऑफिस में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे सीनियर को-एडिटर के पद पर अपनी जिम्मेदारियाँ निभा रहे हैं।

Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।