आमोद कुमार


आमोद कुमार 
बांदा, 27 अगस्त 2026। उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी अमित आसेरी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु समिति की बैठक में उन्होंने समस्याओं की समीक्षा करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।कठिया गेहूं के दलिया को ODOP में शामिल करने का प्रस्ताव बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत कठिया गेहूं से तैयार दलिया को एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) में शामिल कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।ODOP मार्जिन मनी योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पात्र उद्यमियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर कार्रवाई
औद्योगिक क्षेत्र भूरागढ़ में पानी की उपलब्धता, साफ-सफाई, सड़क और नालियों की मरम्मत से जुड़ी समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त प्रवेश द्वार पर बॉर्डर गेट लगाने की मांग पर भी कार्रवाई के लिए कहा गया।
उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र में स्वतंत्र विद्युत फीडर की मांग रखी। वहीं उद्यमी मोहम्मद अंबर की विद्युत लाइन ऊंची कराने की मांग पर अधिशासी अभियंता विद्युत को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
संकट मोचन क्षेत्र में नए फीडर की ओवरलोडिंग की शिकायत पर जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया। खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय में ठीक कराने तथा बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी अधिकारी के CUG नंबर पर संपर्क नहीं हो पाता, तो शिकायत के लिए वैकल्पिक सक्षम अधिकारी का नंबर उपलब्ध कराया जाए।15 दिन में हटेंगे निष्क्रिय बिजली के खंभे व्यापार बंधु समिति की बैठक में बाजार क्षेत्रों में अनुपयोगी और निष्क्रिय विद्युत खंभों को चिन्हित कर 15 दिन के भीतर अभियान चलाकर हटाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि समयसीमा में कार्रवाई न होने पर शासन स्तर पर पत्राचार किया जाएगा।जल जीवन मिशन की खोदी सड़कों का होगा सर्वे
नगर में गंदे पेयजल की शिकायतों पर जल संस्थान के अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों का नगर पालिका से सर्वे कराने को कहा गया।सर्वे में यह स्पष्ट किया जाएगा कि किन स्थानों पर अभी तक सड़क की पैचिंग या मरम्मत नहीं हुई है। डीएम ने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों के बाद सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से कराई जाए और अभियंताओं द्वारा स्थलीय सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए।
पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश
बाजार क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या को देखते हुए नगर मजिस्ट्रेट को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। फूल वाली गली समेत अन्य स्थानों का निरीक्षण कर पार्किंग के लिए उपयुक्त जगह चिन्हित करने को कहा गया।
बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि व्यापारियों और आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।डीएम अमित आसेरी ने कहा कि उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में उठाए गए मामलों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह समेत संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी तथा उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु समिति के सदस्य मौजूद रहे।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।