जौनपुर।* जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को बदलापुर तहसील और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से अस्पताल परिसर


*सीएचसी में डीएम का औचक निरीक्षण, फार्मासिस्ट को नोटिस; अल्ट्रासाउंड सेंटर पर भी गिरी गाज*

*चिकित्सक की गैरमौजूदगी में अल्ट्रासाउंड संचालन पर उठे सवाल, दोबारा जांच के आदेश*

*मेडिकल स्टोर संचालकों से जवाब तलब, बदलापुर तहसील में पुराने वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश*

*जौनपुर।* जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को बदलापुर तहसील और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से अस्पताल परिसर में खलबली मच गई। उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा वितरण, चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, साफ-सफाई समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

       सीएचसी की फार्मेसी का निरीक्षण करते समय जिलाधिकारी को फार्मासिस्ट द्वारा दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं किए जाने की जानकारी मिली। इस पर डीएम ने संबंधित फार्मासिस्ट के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्पष्टीकरण/शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को आवश्यक दवाएं समय से उपलब्ध होनी चाहिए। दवा वितरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस भी जांचे

इसके बाद डीएम ने सीएचसी के बाहर संचालित मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। जांच में कुछ संचालकों द्वारा लाइसेंस नवीनीकरण के लिए आवेदन किए जाने के बावजूद आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं कराने की बात सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने और नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए।

बंद मिला अल्ट्रासाउंड सेंटर, तकनीशियन भी चला गया

औचक निरीक्षण के दौरान एक अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिला। जिलाधिकारी के पहुंचने पर सेंटर का तकनीशियन शटर बंद कर मौके से चला गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित सेंटर की दोबारा जांच कराने के निर्देश दिए।

संबंधित चिकित्सक के बारे में पूछने पर अधिकारियों ने बताया कि वह बाहर गए हुए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सवाल किया कि चिकित्सक की गैरमौजूदगी में अल्ट्रासाउंड जांच किस प्रकार संचालित की जा रही है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने तहसील स्तर के अधिकारियों को तत्काल सेंटर की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार सेंटर को सील करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

लोगों ने डीएम से की स्वास्थ्य सेवाओं की शिकायत

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित कई शिकायतें भी जिलाधिकारी के सामने रखीं। डीएम ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों की समय से उपस्थिति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा जांच और उपचार की सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण में मिली कमियों को तत्काल दूर कर अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

तहसील में लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण पर जोर

स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने बदलापुर तहसील परिसर और कार्यालय का जायजा लिया। उन्होंने पुराने एवं लंबित वादों की समीक्षा करते हुए नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

तहसील परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित सफाई कराने को कहा। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने की हिदायत दी।

इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं से भी संवाद किया और उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। संबंधित अधिकारियों को अधिवक्ताओं की समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी कार्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Bhanu Pratap Dixit

अब तक टीवी न्यूज़ चैनल

भानु प्रताप दीक्षित अबतक टीवी के ऑफिस में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे सीनियर को-एडिटर के पद पर अपनी जिम्मेदारियाँ निभा रहे हैं।

Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।