एजेंसी, रांची। रांची में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है।
इस विरोध प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए मशहूर अभिनेता और गायक पीयूष मिश्रा खुद धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे छात्रों के दर्द और संघर्ष को देखकर उनके साथ खड़े होने आए हैं।
प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे पीयूष मिश्रा ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने जब कुछ आंदोलनकारी छात्रों के इंटरव्यू देखे, तो उनकी आंखों में झलकते दर्द और आंसू देखकर वे खुद को रोक नहीं पाए।
उन्होंने कहा कि मैं किसी अन्य उद्देश्य से यहां नहीं आया हूं। छात्रों की स्थिति देखकर मुझे लगा कि मुझे उनके बीच होना चाहिए।
युवाओं के साथ अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए अभिनेता ने कहा कि वे छात्रों की मदद के लिए जो कुछ भी संभव होगा, करेंगे।
उन्होंने बताया कि उनकी ओर से आंदोलनकारियों के लिए भोजन, तिरपाल और यथासंभव आर्थिक सहायता पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि मैं युवाओं के लिए ही गाता और अभिनय करता हूं। अपनी क्षमता के अनुसार हम हर संभव मदद कर रहे हैं।
इससे पहले, शुक्रवार को बॉलीवुड गायक और संगीतकार अंकुर आर पाठक भी छात्रों के समर्थन में इस आंदोलन से जुड़े। उन्होंने कहा कि आज जो छात्र सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, वे ही कल देश के भावी प्रशासनिक अधिकारी और नेता बनेंगे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: