जौनपुर।* ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शनिवार को अधिकारियों


*हर घर तिरंगा अभियान को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, 9 से 17 अगस्त तक होंगे देशभक्ति के कार्यक्रम डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश*

 *14 अगस्त को तिरंगा यात्रा और कॉन्सर्ट; 15 अगस्त को हर घर तिरंगा फहराने की अपील*

               *जौनपुर।* ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शनिवार को अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले विभिन्न देशभक्ति एवं जनभागीदारी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को सभी कार्यक्रम समयबद्ध और बेहतर समन्वय के साथ कराने के निर्देश दिए।

          डीएम ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, एनसीसी-एनएसएस, माई भारत वालेंटियर, स्वयंसेवी संगठनों और जनप्रतिनिधियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

          स्कूलों में होंगी तिरंगा आधारित गतिविधियां

9 से 15 अगस्त तक विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा-प्रेरित कला गतिविधियां आयोजित होंगी। स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र और ‘वंदे मातरम्’ से जुड़ी गतिविधियों के साथ कार्यक्रमों की फोटो निर्धारित पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।

सार्वजनिक स्थलों पर दिखेगा तिरंगे का रंग

10 से 15 अगस्त तक सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, चौराहों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा और अलंकरण कराया जाएगा। वहीं 11 से 15 अगस्त तक प्रमुख स्थलों और शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ी जानकारी वाली तिरंगा प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

          14 अगस्त को तिरंगा यात्रा और कॉन्सर्ट

14 अगस्त को सुबह 8:30 बजे तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें विद्यार्थी, युवा, अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मी, महिला स्वयं सहायता समूह, सामाजिक संगठन, एनसीसी-एनएसएस और माई भारत वालेंटियर समेत विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होंगे। यात्रा में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन होगा। इसी दिन तिरंगा कॉन्सर्ट में स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और उनके परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। स्कूली और पुलिस बैंड देशभक्ति गीतों की धुनें प्रस्तुत करेंगे।

विभाजन की त्रासदी से नई पीढ़ी को कराया जाएगा रूबरू

14 अगस्त को भारत विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम भी आयोजित होगा। प्रदर्शनी के माध्यम से विभाजन के दौरान हुई घटनाओं और उससे जुड़ी स्मृतियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

हर घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थल पर फहरेगा तिरंगा

डीएम ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के प्रत्येक घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थल पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और निर्धारित नियमों का हर हाल में पालन किया जाए।

तिरंगा सेल्फी और वीडियो से जुड़ेंगे लोग

9 से 17 अगस्त तक ‘तिरंगा सेल्फी’ गतिविधि भी चलेगी। नागरिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेने और ‘वंदे मातरम्’ गायन के वीडियो निर्धारित वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। डीएम ने सभी गतिविधियों की फोटो-वीडियोग्राफी कराने और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया के माध्यम से करने के निर्देश दिए।

तिरंगा यात्रा के दौरान पेयजल, सूक्ष्म जलपान, साउंड, बैंड और फ्लैग की व्यवस्था के साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का समय से निर्वहन करें और अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप दें।

डीएम की अपील: जिले के लोगों से अभियान में पूरे उत्साह के साथ शामिल होकर घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में योगदान देने की अपील की गई।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Bhanu Pratap Dixit

अब तक टीवी न्यूज़ चैनल

भानु प्रताप दीक्षित अबतक टीवी के ऑफिस में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे सीनियर को-एडिटर के पद पर अपनी जिम्मेदारियाँ निभा रहे हैं।

Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।