नवागढ़/कुकदा:- धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कथा के चौथे दिन तीन घंटे तक लगातार हुई वर्षा भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को कम नहीं कर सकी। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर डटे रहे और भगवान शिव की कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण करते रहे। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी अधिक रही कि पंडाल पूरी तरह भर गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को बाहर बैठकर कथा सुननी पड़ी। शिवरीनारायण सहित आसपास के गांवों, विभिन्न जिलों एवं अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा में शामिल होने पहुंच रहे हैं।
राष्ट्रीय कथा व्यास पंडित युवराज पांडे ने विनम्रता व्यक्त करते हुए कहा कि, मैं जो भी कथा करता हूं, वह भगवान जगन्नाथ जी की कृपा से ही संभव होता है। उनके ओजस्वी, सरल एवं भावपूर्ण प्रवचनों से भगवान शिव की महिमा, भक्ति, धर्म और सनातन संस्कृति का संदेश जन-जन तक पहुंच रहा है। कथा के दौरान उन्होंने शास्त्रों के अनुसार पृथ्वी के ऊपर और नीचे स्थित सात-सात लोकों का भी सुंदर वर्णन किया। श्रावण मास में आयोजित इस दिव्य कथा के दौरान पूरा वातावरण शिवमय बना हुआ है। कथा स्थल पर श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ भक्ति में लीन होकर कथा का रसपान कर रहे हैं। भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों से संपूर्ण परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। कथा के दौरान प्रस्तुत किए गए भक्ति गीत भोलेनाथ जी दीनानाथ जी मेरी विनती सुन लीजे" सहित अनेक मधुर एवं संगीतमय भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते, नृत्य करते तथा गायन-वादन में सहभागी बने।श्रद्धालुओं का कहना है कि पंडित युवराज पांडे की मधुर, सरल और प्रेरणादायी कथा उन्हें भगवान शिव की भक्ति से जोड़ रही है। श्रावण मास में आयोजित यह श्री शिव महापुराण कथा धार्मिक नगरी शिवरीनारायण को पूर्णतः भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर रही है तथा प्रतिदिन श्रद्धालुओं की बढ़ती उपस्थिति आयोजन की सफलता का प्रमाण बन रही है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: