- जंगल कौड़िया। सावन माह के प्रथम सोमवार पर जंगल कौड़िया क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही शिवभक्त भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, भांग, धतूरा, बेलपत्र, पुष्प, अक्षत एवं फूल-मालाएं अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।पूरे क्षेत्र में "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा। डाला स्थित प्राचीन शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। प्राचीन शिव मंदिर दहला के पुजारी सत्यानंद गिरी ने बताया कि सावन के प्रथम सोमवार पर प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने आते हैं। भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में स्वच्छता, पेयजल तथा दर्शन-पूजन की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।वहीं, कुशहरा,जिंदपुर स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई थीं। मंदिर समिति के सहयोग से श्रद्धालु व्यवस्थित ढंग से जलाभिषेक कर रहे थे और पूजा-अर्चना संपन्न कर रहे थे।श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। मंदिर परिसरों के आसपास पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना से बचा जा सके। प्रशासन की सक्रियता के चलते श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: