ब्रेकिंग न्यूज़ | कानपुर देहात
सूने पड़े घर को चोरों ने बनाया निशाना, 50 हजार नकद व करीब एक लाख रुपये के चांदी के आभूषण चोरी
कानपुर देहात/मूसानगर। मूसानगर थाना क्षेत्र के हलिया गांव में चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लगभग 50 हजार रुपये की नकदी और करीब एक लाख रुपये के चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हलिया गांव निवासी हीरालाल ने बताया कि वह शनिवार दोपहर करीब 1 बजे घर में ताला लगाकर अपने मवेशियों को चराने चला गया था। शाम करीब 7 बजे जब वह वापस लौटा तो घर के अंदर के कमरे का ताला खुला मिला। कमरे में रखा बक्सा टूटा पड़ा था और उसका कुंडा उखड़ा हुआ था। बक्से में रखे 50 हजार रुपये नकद तथा करीब एक लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण गायब थे।
पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने बकरा और बकरी बेचकर प्राप्त 50 हजार रुपये बक्से में सुरक्षित रखे थे। चोरों ने घर के पीछे की दीवार पर सीढ़ी लगाकर मकान के अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। चोरी की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मूसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
मूसानगर थाना प्रभारी निरीक्षक अमिता वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: