राकेश त्रिपाठी/अब तक न्याय
सिसवा बाजार (महराजगंज), 06 जुलाई। विद्यार्थियों में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को एस.एस. इंटर कॉलेज, करमही में सिसवा फायर ब्रिगेड द्वारा विशेष अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में फायर ब्रिगेड की टीम ने गैस रिसाव, शॉर्ट सर्किट तथा अन्य कारणों से आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से कार्य करने, समय पर सूचना देने, सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने तथा प्रारंभिक स्तर पर आग पर नियंत्रण पाने के प्रभावी उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों को अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के सुरक्षित एवं सही उपयोग की जानकारी भी दी गई। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण का नेतृत्व सिसवा फायर ब्रिगेड के अग्निशमन अधिकारी सुरेश प्रसाद ने किया। उनके साथ फायरमैन विजय कुमार एवं आकाश मौर्य कुशवाहा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के विभिन्न उपायों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक अजय कुमार मिश्र, प्रधानाचार्य विजय कुमार मिश्र, शिक्षक मनीष विश्वकर्मा, बेलाल खाँ, राहुल विश्वकर्मा, आलोक पटेल, सिंहासन मौर्य, आकाश पांडेय, बविता पाण्डेय, अर्चना पाठक, संगीता चौहान सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने सिसवा फायर ब्रिगेड की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन, सुरक्षा जागरूकता और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: