लोकप्रिय कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। सुबह 10 बजे निगमबोध घाट पर राजू को अंतिम विदाई दी जाएगी।


 कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का निधन हो गया है। एम्स से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह 10.20 बजे राजू श्रीवास्तव ने आखिरी सांस ली। बता दें कि 10 अगस्त को जिम में वर्कआउट दौरान राजू को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती करवाया गया था। वहीं, उनके निधन की खबर के बाद शोक की लहर दौड़ पड़ी और बॉलीवुड सितारों से लेकर राजनेताओं तक ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। 

 

 

10 बजे दी जाएगी अंतिम विदाई

लोकप्रिय कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। सुबह 10 बजे निगमबोध घाट पर राजू को अंतिम विदाई दी जाएगी।

 

अंतिम विदा देने पहुंचे एहसान कुरैशी और सुनील पाल

राजू श्रीवास्तव को अंतिम विदा देने के लिए उनके दोस्त और कॉमेडियन एहसान कुरैशी और सुनील पाल भी पहुंच चुके हैं। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सुनील पाल ने कहा कि, ''उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। वह हमारे शिक्षक थे।''
 

 

 

गुरमीत चौधरी ने किया याद

अभिनेता गुरमीत चौधरी ने राजू श्रीवास्तव को याद करते हुए बताया कि कैसे वह राजू श्रीवास्तव के कॉमेडी शो को देखकर उनके प्रशंसक बन गए थे। 
 

 

 

शैलेश लोढ़ा ने किया याद

राजू श्रीवास्तव के निधन से पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। फैंस से लेकर उनके दोस्त और इंडस्ट्री के कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अभिनेता शैलेश लोढ़ा ने राजू श्रीवास्तव को याद करते हुए पोस्ट शेयर कर बताया कि उन्होंने क्यों उनका नंबर 'राजू आओ आओ' से सेव कर रखा था।
 

 

अंतिम सफर पर राजू

राजू श्रीवास्तव का आज दिल्ली के निगमबोध घाट पर सुबह 10 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। कॉमेडियन की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए कई कलाकार और उनके दोस्त दिल्ली स्थित उनके भाई के घर पहुंच चुके हैं। 

 

राजू श्रीवास्तव के पैतृक आवास पर लगी फैंस की भीड़

कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव के निधन से हर कोई दुखी है। उनके फैंस से लेकर परिवार और दोस्तों तक सभी उनके जल्द ही ठीक होने की कामना कर रहे थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। कॉमेडियन के निधन के बाद से ही दोस्त, रिश्तेदार और प्रशंसक किदवई नगर स्थित उनके आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।
 

 

आठ बजे से शुरू होंगे अंतिम दर्शन

बुधवार को दुनिया से अलविदा ले चुके कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के अंतिम दर्शन गुरुवार सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। इसके बाद दिल्ली के निगमबोध घाट पर कॉमेडियन का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस बारे में बीते दिन उनके परिवार ने पुष्टि की थी।

 

कैसेट्स के चलन से कम हुई किल्लत : राजू

राजू श्रीवास्तव ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए एक साक्षात्कार में कहा था कि 1986-87 में मेरी ‘हंसो-हंसाओ’, ‘हंसते रहो’ और ‘हंसना मना है’ जैसी ऑडियो कैसेट्स आई थीं। इन कैसेट्स की मांग खूब थी, लेकिन दायरा सीमित था। लोग आवाज सुनते थे, चेहरे से कोई नहीं पहचानता था। फायदा सिर्फ यह हुआ कि पहले एक कार्यक्रम के 500-1000 रुपये मिलते थे, कैसेट से अब 10 से 15 हजार रुपये तक मिलने लगे थे। 

 

अमिताभ के ड्राइवर से मिलकर खुश हो जाता था

शुरू-शुरू में अमिताभ बच्चन से मिलना तो मुश्किल था, लेकिन खुशी उनके ड्राइवर से मिलकर भी बहुत होती थी। मैं अपने दोस्तों को फोन करके बताता था कि आज अमिताभ के ड्राइवर से हाथ मिलाया, अमिताभ के बंगले की दीवार भी छुई। -राजू श्रीवास्तव

 

राजू की पत्नी बोलीं- वह एक सच्चे योद्धा थे

अभिनेता-कॉमेडियन राजू श्रीवास्तक की पत्नी शिखा श्रीवास्तव ने मीडिया हाउस से बातचीत के दौरान कहा कि "मैं अभी बात करने में सक्षम नहीं हूं। मैं अभी क्या कह सकती हूं? उन्होंने बहुत संघर्ष किया, मैं वास्तव में उम्मीद और प्रार्थना कर रही थी कि वह इस जंग से लड़कर वापस आ जाएंगे। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ है। मैं केवल इतना कह सकती हूं कि वह एक सच्चे योद्धा थे।"

 

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जताया दुख

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने राजू श्रीवास्तव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, फिल्म जगत में अपने सहज हास्य से एक अलग पहचान बनाने वाले प्रसिद्ध कॉमेडियन एवं हमारे अतिप्रिय भाजपा नेता राजू श्रीवास्तव के असामयिक निधन से मन व्यथित है। उनका निधन कला एवं फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

 

अमित शाह बोले- यह कला जगत के लिए एक बड़ी क्षति

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव जी का एक विशिष्ट अंदाज था, उन्होंने अपनी अद्भुत प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया। उनका निधन कला जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। मैं उनके परिजनों व प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दें। ऊं शांति शांति!

 

सीएम भगवंत मान बोले- वी विल मिस यू गजोधर भइया

राजू श्रीवास्तव के निधन पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया, ''राजू श्रीवास्तव ने अपने जीवन में हमें खूब हंसाया लेकिन आज ये खबर सुनकर बहुत दुख हो रहा है। उनके साथ काफी काम किया और बहुत कुछ सीखने को भी मिला। राजू जी भले ही शारीरिक तौर पर हमारे बीच नहीं हैं पर उनकी अदाकारी हमेशा दिलों में जीवित रहेगी। वी विल मिस यू गजोधर भइया।''

 

राजू श्रीवास्तव ने सराहनीय सेवा दी- योगी आदित्यनाथ

राजू श्रीवास्तव ने यूपी खेलो विकास परिषद के अध्यक्ष के रूप में अपनी सराहनीय सेवा दी थी। वे एक अच्छे कलाकार थे। जीवन भर अपनी पीड़ा को दबाते हुए बिना किसी भेदभाव के वे सब का मनोरंजन करते रहे। आज वे हमारे बीच में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश वासियों की ओर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता हूं। शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें सदगति प्रदान करे।

 

राजनाथ सिंह बोले- जिंदादिल इंसान थे

राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार, राजू श्रीवास्तव जी के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है। वे एक मंझे हुए कलाकार होने के साथ-साथ एक बेहद ज़िंदादिल इंसान भी थे। सामाजिक क्षेत्र में भी वे काफ़ी सक्रिय रहते थे। उनके शोकाकुल परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। शान्ति!

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।