महाकाल मंदिर में भाजपा विधायक के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला ने मोबाइल से रील बनाई, जबकि आम भक्तों के लिए यह प्रतिबंधित है. वीडियो वायरल होने के बाद तीन सुरक्षाकर्मी बर्खास्त हुए.


महाकाल मंदिर में आम भक्त का मोबाइल गेट पर ही जमा कर लिया जाता है. नंदी हॉल में मोबाइल की झलक दिख जाए तो गार्ड टोक देते हैं. लेकिन जब बात वीआईपी की आती है, तो नियम जैसे हवा हो जाते हैं. ताजा मामला फिर वही है. भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वे मंदिर के अंदर चांदी द्वार तक मोबाइल से रील बनाते नजर आ रहे हैं और कार्रवाई किस पर हुई…? रुद्राक्ष पर नहीं, बल्कि सुरक्षा कंपनी और 3 छोटे गार्डों पर.

 

पूरा मामला कुछ इस प्रकार है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जो कि करीब एक हफ्ते पुराना बताया जा रहा है. इसमें रुद्राक्ष शुक्ला नीलकंठ द्वार से मंदिर में प्रवेश करते दिख रहे हैं. गेट पर पहुंचते ही उनके लिए ई-कार्ट आ जाती है. इसके बाद वे पूरे रास्ते मोबाइल से रील बनाते चलते हैं. चांदी द्वार तक पहुंचकर पूजा, अभिषेक और आरती करते हुए भी वीडियो बनवाते हैं. सबसे हैरान करने वाली बात है कि इस दौरान सुरक्षाकर्मी उन्हें रोकने के बजाय प्रोटोकॉल के तहत दर्शन कराते और आवभगत करते नजर आते हैं.

3 को किया बर्खास्त

वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने जांच कराई. जांच में ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर समिति ने सुरक्षा संभाल रही कोर कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और 3 सुरक्षाकर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया. इस मामले में सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने बताया कि मंदिर समिति ने घटना को गंभीरता से लिया है. समिति ने साफ कहा है -मंदिर परिसर में फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित है, उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई होगी.

 

सवाल – सजा गार्ड को, रील वाले को क्यों नहीं…?

यही सवाल अब उज्जैन में हर कोई पूछ रहा है की सुरक्षाकर्मी तो वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का पालन करते हैं. अगर किसी वीआईपी को अंदर तक जाने और रील बनाने की छूट मिली, तो इसके लिए जिम्मेदार गार्ड कैसे हुआ….? जिम्मेदार तो वो है, जिसने नियम तोड़ा और वो सिस्टम है, जिसने तोड़ने दिया. लेकिन हर बार की तरह इस बार भी कार्रवाई छोटे कर्मचारियों पर हो गई, बड़े नाम पर नहीं.

रुद्राक्ष का विवादों से पुराना नाता

ये पहली बार नहीं है, जब रुद्राक्ष शुक्ला का नाम मंदिर में नियम तोड़ने को लेकर सामने आया है. 18 अगस्त 2021 – श्रावण के चौथे सोमवार को जब कोविड के कारण श्रद्धालुओं के गर्भगृह में जाने पर पूरी रोक थी, तब रुद्राक्ष गर्भगृह के गेट तक पहुंच गए और फोटो खिंचवाई थी. 12 मार्च 2023 – भस्म आरती के दौरान 26 सेकंड का वीडियो सामने आया था. इसमें रुद्राक्ष पुजारियों के साथ गर्भगृह में दिखाई दिए, जबकि आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में जाना बंद था.

21 जुलाई 2025 -विधायक गोलू शुक्ला कांवड़ यात्रा लेकर उज्जैन पहुंचे थे. भस्म आरती से पहले वे बेटे रुद्राक्ष और समर्थकों के साथ मंदिर पहुंचे. विधायक के गर्भगृह में जाने के दौरान रुद्राक्ष भी अंदर जाने लगा. कर्मचारियों ने रोकने की कोशिश की तो कहासुनी और झूमाझटकी हो गई. मामले की जांच के लिए कलेक्टर ने तीन सदस्यीय समिति बनाई थी.

महामंडलेश्वर शैलशानंद बोले – नियम सबके लिए एक हो

वीडियो वायरल होने के बाद महामंडलेश्वर शैलशानंद ने मंदिर की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था वैष्णो देवी और दूसरे बड़े मंदिरों की तरह होनी चाहिए. मंदिर की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय या सशस्त्र सुरक्षा बलों को दी जानी चाहिए. मंदिर में कुछ लोगों के साथ अलग व्यवहार किया जाता है. आम दर्शनार्थियों को मोबाइल ले जाने पर रोका जाता है और कई बार उनके साथ गलत व्यवहार भी होता है. जबकि नेताओं और प्रभावशाली लोगों को अंदर तक जाने और रील बनाने की छूट मिल जाती है. ऐसा नहीं होना चाहिए. मंदिर में सभी के लिए एक जैसे नियम होने चाहिए.

आखिर सवाल यही है महाकाल के दरबार में सब बराबर हैं, तो नियम क्यों बराबर नहीं….? अगर आम भक्त के लिए मोबाइल पर रोक है, तो वीआईपी के लिए छूट क्यों..? अगर गार्ड को बर्खास्त किया गया, तो रील बनाने वाले पर कार्रवाई कब होगी….? जब तक इस सवाल का जवाब नहीं मिलेगा, तब तक महाकाल मंदिर में नियमों की धज्जियां उड़ती रहेंगी और सजा सिर्फ छोटे लोगों को मिलती रहेगी.

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।