केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने महादेव ऑनलाइन बुक सट्टा ऐप के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. CBI ने पिछले कुछ दिनों में 6 राज्यों की 33 जगहों पर छापेमारी की है. ये छापे ‘महादेव ऑनलाइन बुक’ ऐप के अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के ‘पैनल ऑपरेटरों’ के ठिकानों पर मारे गए.CBI के मुताबिक, यह कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की गई है. उसे ओमान से भारत प्रत्यर्पित (extradite) करके लाया गया था.
जानकारी के मुकाबिक यह छापेमारी मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर , जो प्लेटफॉर्म के मुख्य प्रमोटरों में से एक है, के ओमान सल्तनत से निकाले जाने के बाद किए गए खुलासों के आधार पर की गई. जिन शहरों में तलाशी ली गई उनमें अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर शामिल हैं.
डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन जब्त
इन छापों के दौरान, लाइव सट्टेबाजी और जुए के पैनल चलते हुए पाए गए, जिन्हें बंद कर दिया गया. जांच के दौरान डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और ऐसे दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनसे पता चलता है कि ‘म्यूल अकाउंट्स’ (दूसरों के नाम पर खोले गए खाते) और हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था.
सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ में किए अहम खुलासे
सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित करने के बाद 01.11.2026 को CBI ने गिरफ्तार कर लिया था. रायपुर के विशेष न्यायाधीश (CBI मामले) ने उसे 8 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया था. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि यह प्लेटफॉर्म कैसे काम करता है और भारत में इसके ‘पैनल ऑपरेटरों’ का नेटवर्क किस तरह फैला हुआ है. जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों के आधार पर उससे सवाल-जवाब भी किए गए.
CBI ने मामले में दो FIR दर्ज की
छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से मामला मिलने के बाद, CBI ने ‘महादेव ऑनलाइन बुक’ मामले में दो FIR दर्ज की हैं. अब तक की जांच से पता चला है कि यह प्लेटफॉर्म विदेश से एक ‘हेड ऑफिस’ के जरिए चलाया जा रहा है और भारत में ‘पैनल ऑपरेटरों’ के एक बड़े नेटवर्क के जरिए काम करता है. ये ऑपरेटर ग्राहकों की ID संभालते हैं, सट्टेबाजी का पैसा उन बैंक खातों में जमा करते हैं जो खास तौर पर दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए हैं, और फिर हवाला के जरिए मुनाफा विदेश भेज देते हैं.
अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी
पुलिस कस्टडी खत्म होने पर, 12.11.2026 को सौरभ चंद्राकर को रायपुर के विशेष न्यायाधीश (CBI मामले) के सामने पेश किया गया, जहां से उसे 19.11.2026 तक न्यायिक हिरासत (judicial custody) में भेज दिया गया. वहीं अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है, जिनमें विदेश में बैठे लोग, इस काम में मदद करने वाले व्यक्ति और इसमें शामिल सरकारी अधिकारी शामिल हैं. फरार चल रहे अन्य आरोपियों को वापस लाने (प्रत्यर्पण) की प्रक्रिया भी चल रही है.
आम जनता के लिए चेतावनी जारी
आम जनता को चेतावनी दी जाती है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ खेलना गैर-कानूनी है. इस तरह की गतिविधियों के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान दस्तावेज किसी और को उधार देना या किराए पर देना भी एक आपराधिक अपराध है, और ऐसा करने पर खाताधारक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: