उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आज का शनिवार सियासी गतिविधियों के नाम रहने वाला है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद अलग-अलग कार्यक्रमों और रैलियों के जरिए सियासी मैदान में सक्रिय नजर आएंगे. खास तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज नेताओं की आवाजाही और रैलियों के जरिए राजनीतिक संदेश देने की कोशिश होगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर और मेरठ के दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री गढ़मुक्तेश्वर में गंगा स्नान मेले की तैयारियों का जायजा लेंगे. इसके बाद मेरठ में पूर्व सैनिकों की रैली में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री का ये दौरा पश्चिमी यूपी में सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और पूर्व सैनिकों के बीच संवाद के लिहाज से अहम माना जा रहा है. सीएम योगीकच्चा घाट, लथिरा और गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ‘तिगरी मेले’ की व्यवस्थाओं का मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे और तैयारियों की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे
मुस्लिम वोटर्स को साधने की कोशिश
वहीं, दूसरी तरफ एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी आज मेरठ में रैली करेंगे. ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन के ऐलान के बाद पश्चिमी यूपी में यह सियासी सक्रियता खास मानी जा रही है. गठबंधन के जरिए दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश की जा रही है. रैली को सफल बनाने के लिए एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों ने जनसंपर्क अभियान भी चलाया है.
दरअसल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित और मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका को लेकर सभी राजनीतिक दलों की नजर इस क्षेत्र पर है. बीजेपी जहां अपने संगठन और सरकार के कामकाज के जरिए राजनीतिक पकड़ मजबूत करने में जुटी है, वहीं ओवैसी और चंद्रशेखर की नई सियासी साझेदारी के जरिए एक अलग राजनीतिक समीकरण बनाने की कोशिश हो रही है.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: