एएसपी अरुणकुमार एस और तहसीलदार सत्य प्रकाश सिंह ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
गोरखपुर। सदर तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित तहसील दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी कैंट अरुणकुमार एस और तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों से आए शिकायतकर्ताओं की फरियाद सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की बात गंभीरता से सुनी और उनके प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। शिकायतों को लंबित रखने के बजाय उनकी मौके पर जांच कराकर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में आपसी समन्वय बनाकर कार्रवाई करने पर जोर दिया। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम के माध्यम से स्थलीय जांच कराकर निष्पक्ष समाधान कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं पर की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
तहसील दिवस का उद्देश्य आम जनता को स्थानीय स्तर पर अपनी समस्याएं रखने और उनका समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
इस दौरान नायब तहसीलदार अन्नू सिंह, नायब तहसीलदार नीलम तिवारी, सीओ चकबंदी सुनील कुमार सिंह सहित तहसील एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: