- राकेश पांडे ब्यूरो चीफ गोरखपुर। गोरखपुर की बेटी नशरा नईम ने AMU में रचा इतिहास, 105 साल में पहली बार महिला बनी छात्रसंघ की उपाध्यक्ष!
- 7,091 वोट पाकर साकिब अली खान को 1,273 मतों से दी शिकस्त, लॉ की छात्रा नशरा ने अलीगढ़ से गोरखपुर तक बढ़ाया शहर का मान
- #अलीगढ़_गोरखपुर। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) छात्रसंघ चुनाव में इस बार गोरखपुर की बेटी नशरा नईम ने ऐतिहासिक कामयाबी हासिल कर पूरे शहर का नाम रोशन किया है। मियां बाजार, गोरखपुर की रहने वाली नशरा नईम ने उपाध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि AMU छात्रसंघ के 105 साल के इतिहास में पहली बार किसी महिला ने छात्रसंघ के शीर्ष तीन पदों में से किसी एक पर जीत हासिल की है।
- BA LLB की छात्रा नशरा नईम को चुनाव में 7,091 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी साकिब अली खान को 5,818 मत प्राप्त हुए। इस तरह नशरा ने 1,273 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर उपाध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया।
- इस जीत के साथ नशरा नईम ने AMU छात्रसंघ के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। 105 वर्षों के इतिहास में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मानद सचिव जैसे शीर्ष पदों पर पहली बार किसी महिला पदाधिकारी का चुना जाना इस चुनाव की सबसे बड़ी उपलब्धि बन गया है।
- वहीं अध्यक्ष पद पर नोमान अशरफ ने जीत हासिल की, जबकि मानद सचिव पद पर मोहम्मद हमदान निर्वाचित हुए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में जश्न का माहौल देखने को मिला। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जुलूस निकालकर नारेबाजी की और जीत की खुशियां मनाईं।
- गोरखपुर के मियां बाजार से निकलकर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में ऐतिहासिक पहचान बनाने वाली नशरा नईम की इस उपलब्धि पर शहर में भी खुशी का माहौल है। उनकी जीत ने न सिर्फ गोरखपुर का मान बढ़ाया है, बल्कि छात्र राजनीति में महिलाओं की भागीदारी का एक नया इतिहास भी रचा है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: