1. स्काउटिंग जीवन जीने की कला, चरित्र निर्माण की सशक्त पाठशाला : रमेश वाजपेयी ‘विरल’
  2. भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के 77वें स्थापना दिवस पर सीता ग्रुप ऑफ एजुकेशन में विविध कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने लिया सेवा-सहयोग और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
  3. रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय
  4. महमूदाबाद, सीतापुर।
    स्काउटिंग महज एक गतिविधि नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, साहस, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और जिम्मेदारी के साथ जीवन जीने की कला है। विपरीत परिस्थितियों में धैर्य एवं संयम बनाए रखने के साथ बच्चों में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और मानव सेवा की भावना विकसित करने में स्काउट-गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका है। यही कारण है कि स्काउटिंग को चरित्र निर्माण की पाठशाला कहा जाता है। आज के बदलते सामाजिक परिवेश में जब स्वार्थ और अनुशासनहीनता जैसी प्रवृत्तियां बढ़ रही हैं, ऐसे समय में स्काउट-गाइड संगठन बच्चों को सेवा, त्याग, सहयोग और कर्तव्य का पाठ पढ़ाकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
  5. उक्त विचार भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर सीता ग्रुप ऑफ एजुकेशन के शास्त्री सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिला मुख्यायुक्त रमेश वाजपेयी ‘विरल’ ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर बच्चों में दिखाई दे रहा उत्साह इस बात का प्रमाण है कि स्काउटिंग की गौरवशाली परंपरा आने वाली पीढ़ियों को भी सेवा, अनुशासन और राष्ट्रहित की भावना के लिए प्रेरित करती रहेगी।
  6. उन्होंने कहा कि स्काउटिंग का मूल उद्देश्य बच्चों को केवल शारीरिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। स्काउट-गाइड के माध्यम से बच्चों में कठिन परिस्थितियों का सामना करने, समस्याओं का समाधान खोजने, टीम भावना के साथ कार्य करने और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्काउटिंग के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं और समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहें।
  7. जनपद के विद्यालयों में उत्साह के साथ मनाया गया स्थापना दिवस
  8. भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्थापना दिवस पर सीता ग्रुप ऑफ एजुकेशन सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों में कब, बुलबुल, स्काउट एवं गाइड ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यालयों में बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्काउटिंग के मूल उद्देश्यों एवं सेवा भावना को प्रस्तुत किया।
  9. इस अवसर पर अनेक विद्यालयों में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान एवं साफ-सफाई कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता का संदेश देते हुए लोगों को भी साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। वहीं वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
  10. बच्चों को बताए संगठन के इतिहास और उद्देश्य
  11. कार्यक्रमों के दौरान यूनिट लीडरों ने विद्यार्थियों को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के इतिहास, स्थापना, उद्देश्य, आदर्शों तथा समाज सेवा में संगठन की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि स्काउटिंग उन्हें आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करती है।
  12. स्थापना दिवस की स्मृति में बच्चों को फाउंडेशन डे के स्टीकर भी वितरित किए गए। स्टीकर पाकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
  13. सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
  14. कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, अनुशासन, सेवा एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। बच्चों ने यह संदेश दिया कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है और छोटी-छोटी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकता है।
  15. स्थापना दिवस के आयोजन ने विद्यार्थियों के भीतर सेवा, सहयोग, अनुशासन, मानवता और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम के माध्यम से स्काउटिंग के मूल मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने के साथ बच्चों को यह संदेश दिया गया कि सच्ची शिक्षा वही है, जो व्यक्ति को ज्ञानवान बनाने के साथ-साथ अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक भी बनाए।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।