- डॉ. रतन पाल सिंह की पहल लाई रंग, शासन के कार्ययोजना में शामिल हुआ रुद्रपुर बस स्टेशन; ₹4 करोड़ से होगा कायाकल्प
- रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर बस स्टेशन के कायाकल्प की उम्मीद अब मजबूत हो गई है। विधान परिषद सदस्य और वित्तीय एवं प्रशासकीय विलम्ब समिति के सभापति डॉ. रतनपाल सिंह की पहल रंग लाई है। रुद्रपुर बस स्टेशन के कायाकल्प का कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 की स्वीकृत कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। इसके लिए ₹4 करोड़ की प्रारंभिक लागत निर्धारित की गई है।
दरअसल, रुद्रपुर बस स्टेशन का पूरा परिसर आसपास की सड़क और क्षेत्र की तुलना में करीब दो फीट नीचा है। बारिश के दौरान जलभराव समेत यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बस स्टेशन की बदहाल स्थिति को देखते हुए डॉ. रतन पाल सिंह ने 29 जून 2026 को प्रदेश के परिवहन मंत्री को पत्र भेजकर पूरे परिसर का उच्चीकरण और अवस्थापना सुविधाओं के विकास की मांग की थी।
उन्होंने अपने पत्र में बताया था कि बस स्टेशन परिसर के उच्चीकरण के लिए करीब 40 लाख रुपये की स्वीकृति और निविदा की प्रक्रिया हो चुकी है, लेकिन पूरे परिसर का उच्चीकरण कारण और यात्री सुविधा के लिए यह धन काफी कम है। उन्होंने बस स्टेशन के बेहतर व्यावसायिक उपयोग के लिए व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स अथवा मैरिज हॉल जैसी सुविधाएं विकसित करने का सुझाव भी दिया।
इसके बाद परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक ने 11 सितंबर 2026 को डॉ. रतन पाल सिंह को भेजे जवाब में बताया कि रुद्रपुर बस स्टेशन का उच्चीकरण और कायाकल्प के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुमोदित कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। शासन ने इसके लिए उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड यानी यूपीपीसीएल को कार्यदायी संस्था नामित किया है।
वहीं, शासन के 15 सितंबर 2026 के पत्र में रुद्रपुर बस स्टेशन के उच्चीकरण की प्रारंभिक लागत 400 लाख रुपये यानी ₹4 करोड़ दर्ज की गई है। बस स्टेशन का आगणन और डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया भी चल रही है। डीपीआर तैयार होने के बाद उसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
यानी वर्षों से बदहाली झेल रहे रुद्रपुर बस स्टेशन के अब सिर्फ एक हिस्से का नहीं, बल्कि व्यापक स्तर पर उच्चीकरण और अवस्थापना विकास होने की उम्मीद जगी है। डॉ. रतन पाल सिंह की पहल के बाद शासन की कार्ययोजना में शामिल हुए इस प्रस्ताव से स्थानीय लोगों और यात्रियों में भी उम्मीद बढ़ी है कि आने वाले समय में रुद्रपुर बस स्टेशन को बेहतर और आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा सकेगा।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: