नकटा नाले में नहाते समय युवक डूबा, मौत
तरैनी में रविवार को डूबे 15 वर्षीय किशोर का शव सोमवार को बरामद
रुद्रपुर (देवरिया)। रविवार का दिन रुद्रपुर क्षेत्र में दो परिवारों के लिए काल बनकर आया। अलग-अलग स्थानों पर पानी में डूबने से युवक और किशोर की मौत हो गई। रुद्रपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया-बांकी पुल के पास नकटा नाले में नहाते समय 28 वर्षीय अरविन्द चौहान की डूबने से मौत हो गई, जबकि सुरौली थाना क्षेत्र के तरैनी में रविवार को डूबे 15 वर्षीय राहुल चौहान का शव सोमवार को बरामद किया गया।
रुद्रपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया-बांकी पुल के पास रविवार को करीब साढ़े तीन बजे नकटा नाले में नहाते समय 28 वर्षीय अरविन्द चौहान पुत्र मोतीलाल, निवासी मिश्रौलिया, गहरे पानी में चले गए और डूब गए। साथ नहा रहे युवकों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अरविन्द का शव पानी से बरामद किया जा सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतक के पिता मोतीलाल दृष्टिबाधित हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
उधर, सुरौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा तरैनी के पास पुल के निकट रविवार को स्नान करते समय 15 वर्षीय राहुल चौहान पुत्र दिनेश चौहान, निवासी रनिहवा, पानी में डूब गया था। वह साथियों के साथ स्नान करने गया था। गहरे पानी में चले जाने के बाद वह डूब गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। NDRF की टीम के साथ स्थानीय युवाओं ने भी राहत एवं बचाव अभियान में हिस्सा लिया। रविवार को देर तक तलाश के बावजूद किशोर का पता नहीं चल सका। सोमवार को तलाश के दौरान राहुल का शव पानी से बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। एक ही दिन क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर पानी में डूबने से हुई मौतों ने लोगों को झकझोर दिया।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।

Leave a Comment: