अबतक न्याय



रायबरेली। सलोन कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात नवीन कृषि मंडी से घर लौट रहे एक आलू व्यापारी के साथ मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। हवेली रेस्टोरेंट के समीप उसरी माइनर के पास कथित रूप से घात लगाकर बैठे लोगों ने व्यापारी की बाइक रोककर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हमलावर उसकी जेब से 40 हजार रुपये नकद और गले में पहनी करीब 10 तोले की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। घायल व्यापारी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है सलोन कोतवाली क्षेत्र के रामीपुर गांव निवासी दिवाकर पटेल आलू का कारोबार करते हैं। बताया गया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे वह नवीन कृषि मंडी से आलू की बिक्री के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। उनके पास बिक्री से प्राप्त करीब 1.40 लाख रुपये की नकदी थी। व्यापारी के अनुसार, रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। हवेली रेस्टोरेंट के पास उसरी माइनर के नजदीक पहुंचते ही पहले से मौजूद लोगों ने व्यापारी को रोक लिया। इसी दौरान उन पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। अचानक हुए हमले से दिवाकर पटेल बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट करते हुए जेब में रखे 40 हजार रुपये और गले में पहनी सोने की चेन छीन लिया बताया जा रहा है कि व्यापारी के पास मौजूद करीब एक लाख रुपये और छीनने का भी प्रयास किया गया। इसी दौरान दिवाकर पटेल ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर आने लगे। लोगों को आता देख हमलावर मौके से भाग निकले। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल व्यापारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी सीओ यादुवेंद्र बहादुर ने बताया कि मामले के संबंध में कोतवाली प्रभारी से जानकारी ली गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में पैसे के लेनदेन से जुड़े विवाद में मारपीट की बात भी सामने आ रही है। पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक कब्जे में ली है। अधिकारियों के अनुसार, कथित लूट समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना में शामिल लोगों की पहचान और वारदात के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।