गोमाता को राज्यमाता घोषित कराने की मांग को लेकर 17 नवंबर को लखनऊ पहुंचेगी भव्य शोभायात्रा
गोरखपुर। गोमाता को राज्यमाता घोषित कराने तथा गो संरक्षण के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान को लेकर गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। अभियान के मंडल संयोजक एवं अधिवक्ता मनीष पाण्डेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में ‘राम गोधाम’ स्थापित करने की योजना है। इसके साथ ही गांव-गांव से गोमाता को जोड़ने और आगामी गोपाष्टमी पर प्रदेशभर से गोमाताओं को लखनऊ ले जाकर भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि परमआराध्य परमधर्माधीश ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामिश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के आह्वान पर गोमाता के प्राणों की रक्षा के लिए 3 मई 2026 से 21 जुलाई 2026 तक उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान गोमाता के संरक्षण एवं उन्हें राज्यमाता का दर्जा दिलाने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान को आगे बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ के सलधा धाम में उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं के राम गोधाम प्रभारियों की बैठक 15 से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रभारियों को तीन दिनों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसमें तय किया गया कि आगामी गोपाष्टमी तक अभियान को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान के तहत जन्माष्टमी से गांव-गांव में ‘एक नोट अभियान’ चलाकर लोगों को गोमाता से जोड़ने की योजना है। प्रत्येक गांव में गोसेवी, गोदूत और गोवीर की नियुक्ति की जाएगी। अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा प्रत्येक व्यक्ति से एक नोट का सहयोग मांगा जाएगा और इससे प्राप्त राशि से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य ‘राम गोधाम’ का निर्माण कराया जाएगा।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि शंकराचार्य स्वामिश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की ओर से गोपाष्टमी के लिए विशेष कार्यक्रम तय किया गया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश के प्रत्येक गांव से सनातनी लोग एक गोमाता का श्रृंगार कर उसकी शोभायात्रा निकालेंगे और लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। अभियान के अनुसार प्रदेशभर से लगभग एक लाख आठ हजार (1,08,000) गोमाताओं को गोपाष्टमी के अवसर पर लखनऊ पहुंचाने की योजना है।
17 नवंबर को लखनऊ पहुंचने के बाद गोमाताओं का भव्य स्वागत एवं सम्मान करते हुए शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद गोमाता को राज्यमाता घोषित करने की मांग सरकार के समक्ष रखी जाएगी। आयोजकों का कहना है कि उत्तर प्रदेश की भूमि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से जुड़ी हुई है और सनातन परंपरा में गाय का विशेष महत्व है। इसी उद्देश्य से गोमाता के संरक्षण और सम्मान को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के लिए उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की ग्रामीण विधानसभा में अधिवक्ता मनीष पाण्डेय को ‘राम गोधाम’ प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया गया है। अभियान से जुड़े लोगों की ओर से प्रदेशवासियों से गोमाता को राज्यमाता का दर्जा दिलाने और ‘राम गोधाम’ के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई।
प्रेस वार्ता के दौरान अभियान की आगामी कार्ययोजना, गांव-गांव तक पहुंच बनाने और गोपाष्टमी के अवसर पर लखनऊ में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: