डीआईजी व एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ की समीक्षा गोष्ठी
कानून व्यवस्था मजबूत रखने, संवेदनशील मामलों में तत्परता के निर्देश
17 करोड़ की लागत से जलजमाव रोकने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के दिए निर्देश-- डीएम दीपक मीणा
17 करोड़ की लागत से जलजमाव रोकने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के दिए निर्देश-- डीएम दीपक मीणा
गोरखपुर शासनादेश के क्रम में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में व्यापारियों की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर शहर की मूलभूत समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा।बैठक की शुरुआत में संयुक्त व्यापार मंडल के संयोजक रमेश चंद्र गुप्ता ने विरासत गलियारा क्षेत्र में सार्वजनिक सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने विरासत गलियारा के विभिन्न स्थानों को चिन्हित कर सार्वजनिक मूत्रालय बनाए जाने की मांग की। साथ ही बताया कि पांडेय हाता में मनोज गुप्ता की 5 फीट की दुकान के ठीक सामने नाले पर 6 फीट का इलेक्ट्रॉनिक पैनल रखे जाने से दुकान पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है। उन्होंने विरासत गलियारा की मुख्य सड़क से जुड़े सभी गलियारों में एप्रोच मार्ग बनवाने और जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की भी मांग रखी।
असुरन चौराहा चौड़ीकरण का मुद्दा भी बैठक में गूंजा। रमेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2023 में यहां लगभग 65 दुकानें तोड़ी गई थीं, लेकिन प्रभावित व्यापारियों को अब तक वैकल्पिक स्थान उपलब्ध नहीं कराया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी को व्यावसायिक परिसर के लिए स्थान भी चिन्हित कराया गया।पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल (युवा) के महानगर अध्यक्ष आदित्य गुप्ता ने राम जानकी नगर रोड पर अधूरे पड़े खुले नाले के निर्माण को प्राथमिकता से पूर्ण कराने की मांग की। उन्होंने रामप्रीत चौराहा, पार्वतीपुरम में सड़कों पर गिट्टी डालने के बाद भी सीसी रोड न बनाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की।
राप्ति कंपलेक्स व्यापार समिति के अध्यक्ष उपेंद्र नाथ श्रीवास्तव ने हाल में हुई मूसलाधार बारिश से राप्ति कंपलेक्स की लगभग 250 दुकानों को हुई भारी क्षति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुआवजे के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रतिनिधिमंडल मिल चुका है। उन्होंने असुरन-पिपराइच मार्ग पर अधूरे बने स्पीड ब्रेकर के कारण एक महिला की मृत्यु का हवाला देते हुए ब्रेकर को या तो सुरक्षा मानकों के अनुसार बनवाने या हटवाने की मांग की।गोलघर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष गौरीशंकर सरावगी ने गोलघर क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए कार्य में तेजी लाने का अनुरोध किया। वहीं व्यापारी नेता जितेंद्र शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर नॉर्मल परिसर में 60 दुकानों के व्यावसायिक परिसर की नींव रखी जा चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने नगर आयुक्त से हस्तक्षेप कर निर्माण तत्काल शुरू कराने की मांग की।
जिलाधिकारी के निर्देश
व्यापारियों की समस्याएं सुनने के बाद जिलाधिकारी दीपक मीणा ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से विजय चौराहे से सावित्री हॉस्पिटल और आसपास के क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए 17 करोड़ रुपये की लागत से अविलंब निर्माण कार्य दुरुस्त कराने को कहा।
उपस्थित रहे
बैठक में संयुक्त आयुक्त राज्य कर आलोक सचान, नगर आयुक्त अजय जैन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव, एडीएम सिटी सहित गणेश वर्मा, मदन अग्रहरि, अनिल जायसवाल, घनश्याम जायसवाल, धर्मेंद्र सिंह, गोविंद प्रताप राव, सचिन वर्मा, दुर्गेश चौरसिया, सुनील मद्धेशिया, इंजी. विनीत मिश्र, आशीष गुप्ता सोनू मनीष श्रीवास्तव, असुरन व्यापार मंडल अध्यक्ष अवधेश गुप्ता, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ सह संयोजक प्रवीण सिंह, अतुल कश्यप, गोपाल जी वैश्य सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
कानून व्यवस्था मजबूत रखने, संवेदनशील मामलों में तत्परता के निर्देश
शाहजहांपुर।
गोरखपुर
Leave a Comment: