लंबे समय से चल रहे थे अस्वस्थ, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान ली अंतिम सांस।


राकेश त्रिपाठी/ अब तक न्याय

महराजगंज। जनपद के सिंदुरिया थाने में तैनात मुख्य आरक्षी (दिवान) अनूप शर्मा का उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे महराजगंज पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दिवंगत दिवान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

जानकारी के अनुसार, अनूप शर्मा मूल रूप से देवरिया जनपद के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के निवासी थे। वे पिछले काफी समय से गंभीर रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका इलाज पीजीआई समेत विभिन्न अस्पतालों में कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। रविवार को अचानक तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अनूप शर्मा अपने शांत स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए पुलिस विभाग में विशेष पहचान रखते थे। सिंदुरिया थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ-साथ जिले के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग के साथ-साथ उन्हें जानने वालों में भी गम का माहौल है।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने दिवंगत मुख्य आरक्षी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

पुलिस विभाग की ओर से दिवंगत मुख्य आरक्षी को नियमानुसार सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई एवं श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। उनके निधन से महराजगंज पुलिस ने एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और समर्पित साथी को खो दिया है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।