250 से अधिक बच्चों ने ढोल-नगाड़ों के साथ दिया शिक्षा और स्वास्थ्य का संदेश
सहजनवा, गोरखपुर सहजनवा
ब्लाक संसाधन केंद्र के तत्वावधान में मंगलवार को ब्लाक स्तरीय स्कूल चलो अभियान एवं संचारी रोग नियंत्रण रैली का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। रैली में ब्लाक के विभिन्न विद्यालयों के 250 से अधिक बच्चों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नारों और स्लोगनों के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक प्रदीप शुक्ल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर रैली का शुभारंभ किया। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज के ये नन्हें-मुन्ने बच्चे जब शिक्षित होकर देश के अच्छे नागरिक बनेंगे, तभी देश और समाज की सच्ची सेवा हो सकेगी। यही बच्चे भारत का भविष्य हैं। हमारी सरकार बेसिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है और हमारे शिक्षक भी पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
इसके पश्चात विधायक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। ब्लाक संसाधन केंद्र से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। बेटी पढ़ाओ, बेटा पढ़ाओ,स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ,हर बच्चा जाए स्कूल जैसे स्लोगन लगाते हुए चल रहे थे। रैली का उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन को बढ़ावा देने के साथ-साथ संचारी रोगों के प्रति आमजन को जागरूक करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड शिक्षा अधिकारी यज्ञ नारायण वर्मा ने की। अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री मनोज सिंह उपस्थित रहे। मंडल अध्यक्ष सोमनाथ विश्वकर्मा, मीडिया प्रभारी चन्दन तिवारी तथा सुनील निगम ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।प्राथमिक शिक्षक संघ सहजनवा के अध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम मिश्र,जितेन्द्र मिश्र, पवन तिवारी, सत्यपाल उपाध्याय, मनोज राय,शैलेन्द्र यादव, ज्ञान सिंह,यादवेन्द्र, हिमांशु, कृष्ण चन्द्र,संध्या द्विवेदी, राजेश सिंह, कस्तूरबा विद्यालय की वार्डेन लक्ष्मी भारती सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन दिग्विजय सिंह ने किया।
रैली के समापन पर खण्ड शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागी बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया और शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: