तिंदवारी की मिट्टी से नासा तक: डॉ. अशोक प्रजापति ने अंतरिक्ष विज्ञान में रचा नया इतिहास
आमोद कुमार 
बांदा। प्रतिभा न तो बड़े शहरों की मोहताज होती है और न ही संसाधनों की सीमाओं में कैद रहती है। यदि संकल्प मजबूत हो तो बुंदेलखंड की मिट्टी से निकला एक साधारण बालक भी अंतरिक्ष विज्ञान की सबसे ऊंची उड़ान का हिस्सा बन सकता है। इसका जीवंत उदाहरण हैं डॉ. अशोक प्रजापति, जिन्होंने बांदा जनपद के छोटे से ब्लॉक तिंदवारी से निकलकर विश्व की सबसे प्रतिष्ठित अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।आज जब अमेरिका का महत्वाकांक्षी आर्टेमिस-II मिशन मानव को पुनः चंद्रमा की ओर ले जाने की तैयारी कर रहा है, तब इस मिशन की सफलता के पीछे जिस तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है, उसके विकास और संचालन से जुड़े प्रमुख वैज्ञानिकों में डॉ. अशोक प्रजापति का नाम गर्व के साथ लिया जा रहा है।नासा के कोर फ्लाइट सिस्टम (cFS) कार्यक्रम के प्रबंधक और स्टीयरिंग कमेटी के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत डॉ. अशोक प्रजापति ने बताया कि लगभग 25 वर्ष पुराने इस सॉफ्टवेयर फ्रेमवर्क को लगातार आधुनिक और उन्नत बनाया गया है। यही कारण है कि आज यह प्रणाली टेलीस्कोप, एवियोनिक्स, कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम और कई महत्वपूर्ण अंतरिक्ष अभियानों की आधारशिला बन चुकी है।डॉ. प्रजापति के अनुसार, cFS एक लचीला और मॉड्यूलर ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर ढांचा है, जिसे वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय के सहयोग से निरंतर विकसित किया जा रहा है। आज इसका उपयोग केवल आर्टेमिस-II मिशन तक सीमित नहीं है, बल्कि मार्स सैंपल रिटर्न और रोमन स्पेस टेलीस्कोप जैसे महत्वपूर्ण वैज्ञानिक अभियानों में भी किया जा रहा है।
यह केवल एक वैज्ञानिक की उपलब्धि नहीं, बल्कि उस मिट्टी की जीत है, जहां सपने अक्सर संसाधनों की कमी से जूझते हैं। तिंदवारी के एक साधारण परिवार से निकलकर नासा के शीर्ष वैज्ञानिक पद तक पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा का आकाश सीमाओं से नहीं, बल्कि परिश्रम और लगन से तय होता है।डॉ. अशोक प्रजापति की इस उपलब्धि पर अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज, समाजसेवी सुनील सक्सेना, अंकित कुशवाहा, उनके बचपन के मित्र उमेश प्रजापति, अनिल बाजपेई सहित सैकड़ों शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।बुंदेलखंड की धरती आज गर्व से कह सकती है कि उसकी माटी ने केवल वीर ही नहीं, बल्कि ऐसे वैज्ञानिक भी दिए हैं, जो पृथ्वी से लेकर अंतरिक्ष तक भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।