नीट यूजी 2026री-एग्जाम को लेकर बिहार में सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पिछले साल पेपर लीक विवाद के बाद इस बार राज्य सरकार परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है. 21 जून को होने वाली परीक्षा में राज्य के 34 जिलों के 35 शहरों में बनाए गए 331 परीक्षा केंद्रों बनाए गए हैं, जिन पर 1 लाख 56 हजार 61 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उच्चस्तरीय समीक्षा के बाद मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने सभी जिलों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि परीक्षा की पवित्रता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नकल, पेपर लीक, फर्जीवाड़ा या अफवाह फैलाने की किसी भी कोशिश पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी.
बिहार में कितने स्टूडेंट्स देंगे एग्जाम?
राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 331 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1 लाख 56 हजार 61 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. इनमें 81,165 छात्र और 74,896 छात्राएं शामिल हैं. सर्वाधिक 95 परीक्षा केंद्र पटना जिले में बनाए गए हैं, जहां 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. संदिग्ध कोचिंग संस्थानों, लॉज और होटलों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है. पटना पुलिस ने परीक्षा से पहले कई होटलों और लॉजों में सघन जांच अभियान चलाकर संचालकों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने का निर्देश दिया है.
एग्जाम को लेकर पटना में पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है. वहीं पूर्णिया जिले में परीक्षा के लिए 12 केंद्र बनाए गए हैं. जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने सभी केंद्र अधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए.
केंद्रों पर लगेंगे जैमर, होगी वीडियोग्राफी
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी, बायोमेट्रिक सत्यापन और जैमर की व्यवस्था की गई है. परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड और पहचान पत्र के साथ बायोमेट्रिक मिलान के बाद ही प्रवेश मिलेगा. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, बैग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं पर पूरी तरह रोक रहेगी.
एग्जाम सेंटर्स पर होंगी ये व्यवस्थाएं
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के लिए छायादार प्रतीक्षा स्थल, पेयजल, ओआरएस, सत्तू और मेडिकल मोबाइल यूनिट की व्यवस्था करने का निर्देश जिलाधिकारियों को दिया गया है. भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड में रखा गया है. इस बीच मुजफ्फरपुर पुलिस ने नीट परीक्षा के नाम पर फर्जी प्रश्नपत्र बेचकर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है.
टेलीग्राम के माध्यम से छात्रों को झांसा देकर पैसे वसूलने वाले गिरोह के चार और सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपी पकड़े जा चुके हैं. इस मामले के बाद मुजफ्फरपुर में भी प्रशासन एग्जाम को लेकर हाई अलर्ट मोड पर है.
परीक्षार्थियों के लिए फ्री बस की व्यवस्था
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने मुफ्त बस यात्रा की व्यवस्था की है. वहीं रेलवे ने भी 6 विशेष परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है, जिससे दूर-दराज के जिलों से आने वाले छात्रों को राहत मिलेगी. इससे पटना जंक्शन, दरभंगा, गया और बक्सर जैसे व्यस्त रूटों पर परीक्षार्थियों का सफर बेहद आसान हो जाएगा.
निर्धारित समय तक ही मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की एंट्री सुबह 11 बजे से शुरू होगी और दोपहर 1:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा. इसके बाद केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे. परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी. साइबर सेल सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रख रही है.
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: