उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की पहचान वर्षों से समयबद्ध एवं सुरक्षित यात्री सेवाओं के लिए रही है। निगम की ऑनलाइन टिकट व्यवस्था तथा निर्धारित समय पर बसों का संचालन यात्रियों के बीच उसकी विश्वसनीयता का प्रमुख आधार माना जाता है। लेकिन शाहजहांपुर डिपो में लागू किए गए एक कथित मौखिक आदेश ने इस व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण कुमार द्वारा चालकों एवं परिचालकों को मौखिक निर्देश दिए गए हैं कि दिल्ली मार्ग पर संचालित कोई भी बस तब तक प्रस्थान नहीं करेगी जब तक उसमें कम से कम 25 यात्री न बैठ जाएं। इस आदेश के चलते निर्धारित समय पर बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है और यात्रियों को घंटों प्रतीक्षा करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
सबसे अधिक परेशानी उन यात्रियों को हो रही है जिन्हें दिल्ली पहुंचकर विभिन्न राज्यों की ट्रेनों, घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का सफर करना होता है। यात्रियों का कहना है कि यदि बसें निर्धारित समय पर रवाना नहीं होंगी तो उनकी ट्रेन अथवा फ्लाइट छूट सकती है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं मानसिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
यात्रियों का यह भी आरोप है कि परिवहन निगम की समयबद्ध सेवा पर भरोसा करके वे सरकारी बसों का चयन करते हैं, लेकिन वर्तमान व्यवस्था के कारण उन्हें मजबूरन निजी बस संचालकों की सेवाएं लेनी पड़ रही हैं। उनका कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो परिवहन निगम का यात्री आधार लगातार घट सकता है।
सूत्रों के अनुसार 25 यात्रियों की अनिवार्यता केवल दिल्ली मार्ग की बसों पर लागू की गई है। वहीं बसों के निर्धारित प्रस्थान समय को नजरअंदाज कर यात्रियों की संख्या पूरी करने का दबाव
चालक-परिचालकों के लिए भी असहज स्थिति पैदा कर रहा है।
यह व्यवस्था कितने समय तक जारी रहेगी, इस संबंध में डिपो प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम का मुख्यालय यात्रियों को समय पर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने का दावा करता है। ऐसे में यदि स्थानीय स्तर पर लिए गए निर्णय मुख्यालय की नीतियों के विपरीत जाकर बसों के समयबद्ध संचालन को प्रभावित करते हैं तो इसका सीधा असर निगम की साख और यात्रियों के विश्वास पर पड़ना स्वाभाविक है।
यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने निगम के उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर समयबद्ध बस संचालन सुनिश्चित करने तथा यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की है।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: