अब तक न्याय /दीप सिंह


छिबरामऊ (कन्नौज)। बिशुनगढ़ कस्बे में एक मिठाई की दुकान पर काम करने वाले 21 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नूनार मोहल्ला निवासी अंकित कश्यप (21) पुत्र राजकुमार बिशुनगढ़ स्थित एक मिठाई की दुकान पर कार्य करता था। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक अंकित पिछले करीब 10 वर्षों से दुकान पर काम कर रहा था और परिवार के भरण-पोषण में भी सहयोग करता था। गुरुवार  सुबह लगभग नौ बजे वह दुकान पर अपने नियमित कार्य में लगा हुआ था। इसी दौरान गर्मी से राहत पाने के लिए उसने पंखा चलाने का प्रयास किया। बताया जाता है कि पंखे का स्विच या बिजली के उपकरण के संपर्क में आते ही वह तेज करंट की चपेट में आ गया और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद दुकान पर मौजूद लोगों और स्थानीय नागरिकों ने तत्काल उसे उपचार के लिए छिबरामऊ के सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। बेटे की असामयिक मृत्यु की खबर सुनकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। बिशुनगढ़ कस्बा इंचार्ज हृदयराज उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए कन्नौज भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अंकित अपने तीन भाइयों और दो बहनों में से एक था। परिवार के सदस्यों का कहना है कि उसकी कमाई से घर के खर्चों में मदद मिलती थी। घटना के बाद नूनार मोहल्ले में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।