महराजगंज, 11 जून 2026: उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में जनपद महाराजगंज में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बाढ़ मॉक ड्रिल-2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय, खोज एवं बचाव कार्यों तथा राहत व्यवस्था की प्रभावशीलता का परीक्षण करना था।
जनपद की चारों तहसीलों में अलग-अलग परिदृश्यों के आधार पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई।
तहसील सदर (ग्राम पंचायत डोमरा): व्यापक बाढ़ और गांवों के चारों ओर जलमग्न होने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। इस दौरान बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, राहत सामग्री वितरण एवं पुनर्वास की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
तहसील फरेंदा (जयपुरिया कॉलेज): राहत शिविर, बाढ़ चौकी एवं अस्थायी चिकित्सालय की स्थापना कर आपदा के दौरान चिकित्सा सहायता, भोजन और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं का प्रदर्शन किया गया।
तहसील निचलौल (ग्राम गेरहवन): नाव पलटने की स्थिति में खोज एवं बचाव कार्य, घायलों को प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का अभ्यास किया गया।
तहसील नौतनवा (तहसील परिसर): बाढ़ के कारण आधारभूत संरचना ध्वस्त होने की स्थिति में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने तथा राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान जिला आपदा परिचालन केंद्र को सक्रिय रखते हुए घटना प्रतिक्रिया प्रणाली के तहत सभी विभागों ने समन्वित रूप से कार्य किया। 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल गोरखपुर, पीएसी फ्लड टीम, पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व एवं अग्निशमन विभाग सहित अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से खोज-बचाव एवं राहत कार्यों का सफल प्रदर्शन किया।
समीक्षा में पाया गया कि सभी परिदृश्यों में प्रभावित व्यक्तियों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया तथा राहत एवं बचाव कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हुए। मॉक ड्रिल के बाद आयोजित ब्रीफिंग सत्र में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा सभी गतिविधियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के समन्वय, संसाधनों के उपयोग और प्रतिक्रिया समय की जानकारी साझा की गई।
प्रशासन ने इसे पूर्णतः सुव्यवस्थित, समन्वित एवं प्रभावी अभ्यास बताया, जिसमें किसी प्रकार की बाधा नहीं आई। समापन अवसर पर सभी विभागों एवं एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की गई और कहा गया कि इस प्रकार के अभ्यास वास्तविक आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में बाढ़ मॉक ड्रिल-2026 को सफल घोषित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: