कोरोना काल में बंद ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन


कोरोना काल में बंद ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन

शाहजहांपुर। जनपद में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने बुधवार को आवाज बुलंद की। संगठन के जिलाध्यक्ष पंकज वर्मा सर्राफ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इसके बाद रेल मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) को सौंपकर जनहित से जुड़ी मांगों को तत्काल पूरा किए जाने की मांग की।

व्यापार मंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि कोरोना काल के दौरान बंद की गई दिल्ली पैसेंजर ट्रेन आज तक पुनः संचालित नहीं की गई है, जिससे प्रतिदिन यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण ट्रेनें हरदोई स्टेशन पर रुकती हैं, लेकिन शाहजहांपुर जैसे बड़े जनपद में उनका ठहराव नहीं होने से लोगों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पंकज वर्मा सर्राफ ने कहा कि शाहजहांपुर में वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव निश्चित रूप से जिले के लिए गौरव की बात है और इसके लिए व्यापारी समाज रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त करता है। लेकिन वंदे भारत का किराया आम आदमी, छोटे व्यापारियों और निम्न आय वर्ग के यात्रियों के लिए वहन करना आसान नहीं है। ऐसे में जनसामान्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सस्ती और सुविधाजनक ट्रेनों का संचालन एवं ठहराव सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख व्यापारिक और औद्योगिक जनपद है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, लखनऊ और अन्य शहरों की यात्रा करते हैं। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का यहां ठहराव न होना जिले की जनता के साथ अन्याय है। व्यापारी समाज लंबे समय से इस मांग को उठा रहा है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि रेलवे को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। कार्यक्रम में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।