सहजनवा, गोरखपुर।


सहजनवा, गोरखपुर।
पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा पट्टी धर्मदास में बुधवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत विशेष टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपने बच्चों और परिवार के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए टीकाकरण कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिशुओं, छोटे बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को आवश्यक टीके लगाकर उन्हें विभिन्न गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा डायरिया, डिप्थीरिया, पोलियो, पीलिया, काली खांसी, टीबी, टिटनेस, इन्फ्लुएंजा, निमोनिया, मीजल्स, रूबेला और इंसेफेलाइटिस जैसी लगभग 12 गंभीर बीमारियों से बचाव के टीके लगाए गए। साथ ही 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं का वजन कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया गया तथा आवश्यक दवाओं का भी वितरण किया गया।

अभियान को सफल बनाने में सीएचओ वंदना पाण्डेय, एएनएम गायत्री देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आरती देवी, आशा बहू रीना देवी एवं निर्मला गौड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीएचओ वंदना पाण्डेय ने बताया कि नियमित टीकाकरण बच्चों को कई जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है तथा उनके स्वस्थ शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होता है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार द्वारा संचालित निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।
विशेष बात यह रही कि शिविर में टीकाकरण के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर दयानंद शुक्ल, प्रेम नारायण शुक्ल, पुनीत शुक्ला, संदीप प्रजापति, शिवांश शुक्ला और कृतार्थ शुक्ला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर गांवों में नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि हर बच्चा और हर परिवार स्वस्थ एवं सुरक्षित रह सके।

नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए Facebook, Instagram, Twitter पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को भी सब्सक्राइब करें।


Leave a Comment:

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।