अवगत कराना है कि आज दिनांक 09.05.2026 को समय करीब प्रातः 06:00 बजे थाना बिजनौर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम अशरफ नगर के पास गांव के बाहर स्थित एक झील के किनारे खाली प्लॉट में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी मय पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
मौके पर एक व्यक्ति का शव खाली प्लॉट में पड़ा मिला, जिसके शरीर पर* प्रथम दृष्टया चोट के निशान पाए गए*। आसपास मौजूद लोगों, क्षेत्रीय निवासियों एवं मौके पर पहुंचे परिजनों से पूछताछ करने पर मृतक की पहचान सूरज गौतम पुत्र रमेश गौतम निवासी ग्राम अशरफ नगर थाना बिजनौर, लखनऊ के रूप में हुई। मृतक पीजीआई अस्पताल में संविदा पर सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था तथा अविवाहित था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी श्री अमित कुमार आनंद एवं सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा मृतक के परिजनों से वार्ता कर घटना के शीघ्र एवं निष्पक्ष अनावरण हेतु आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित कराए गए हैं। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही पूर्ण करते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है।
परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। प्रकरण की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से की जा रही है तथा शीघ्र आवश्यक तथ्यों का अनावरण कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
नवीनतम न्यूज़ अपडेट्स के लिए
Facebook,
Instagram,
Twitter
पर हमें फॉलो करें और लेटेस्ट वीडियोज़ के लिए हमारे
YouTube
चैनल को भी सब्सक्राइब करें।
Leave a Comment: